महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: दो बड़े नेताओं के टिकट काटने के साथ भाजपा ने जारी की दूसरी सूची
बुधवार देर रात भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी की है। इसमें दो मंत्रियों के टिकट कटने के साथ 14 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
मुंबई, प्रेट्र। भाजपा ने 21 अक्टूबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार की रात प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। इसमें 14 उम्मीदवारों के नाम हैं। हालांकि, इसमें भी राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े, ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बवनकुले तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता एकनाथ खड़से का नाम नहीं आ पाया।
हाल ही में राकांपा छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाली नमिता मुंदडा केज से टिकट पाने में सफल रही हैं। लोकसभा चुनाव में वंचित बहुजन अघाड़ी के टिकट पर सांगली से किस्मत आजमाने वाले गोपीचंद पडालकर को भाजपा ने बारामती से टिकट दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रहे गोपालदास अग्रवाल को गोंदिया से उतारा गया है। मंगलवार को भाजपा ने 125 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी।
अजीत पवार व भुजबल समेत राकांपा के 77 प्रत्याशियों की सूची जारी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने बुधवार को 77 प्रत्याशियों को सूची जारी की है। रोहित पवार अहमदनगर जिले के कर्जत जामखेड विधानसभा क्षेत्र से चुनावी राजनीति में पदार्पण करेंगे। वह भाजपा के मौजूदा विधायक व मंत्री राम शिंदे को टक्कर देंगे। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार बारामती से, जबकि राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल इस्लामपुर से चुनाव लड़ेंगे। भुजबल येवला से दम ठोकेंगे। मुंबई राकांपा प्रमुख नवाब मलिक अनुशक्तिनगर से प्रत्याशी बनाए गए हैं। केज से पृथ्वीराज साठे प्रत्याशी होंगे। पहले यहां से नमिता मुंदडा प्रत्याशी थीं। उधर, सिन्नर से शिवसेना के पूर्व विधायक माणिकराव कोटके ने बुधवार को राकांपा का दामन थाम लिया। राकांपा ने उन्हें इसी सीट से प्रत्याशी भी घोषित किया है।
AIMIM ने भी तीन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM ने तीन प्रत्याशियों की एक और सूची जारी की है। आयशा मुहम्मद काजी को मिराज, सैयद ताहेर हुसैन मोईनुद्दीन को अहमदपुर व जाहिद इब्राहिम शेख को हाडपसर मैदान में उतारा है।
कांग्रेस-NCP गठबंधन में सपा को मिलीं तीन सीटें
कांग्रेस-राकांपा गठबंधन ने बुधवार को घोषणा की कि समाजवादी पार्टी (सपा) राज्य की तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उसे अहमदाबाद पूर्व, शिवाजी नगर व भिवंडी पूर्व शामिल हैं।