Maharashtra Assembly Elections 2019: कांग्रेस ने जारी की 51 उम्मीदवारों पर सूची
कांग्रेस ने रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की सूची की। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण नितिन राउत और परनीती शिंदे को उम्मीदवार बनाया गया है।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। नवरात्र घटस्थापना के प्रथम दिन रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। शिवसेना ने भी भाजपा से गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही अपने कई उम्मीदवारों को पर्चा भरने के लिए जरूरी एबी फॉर्म बांट दिए। कांग्रेस-राकांपा पहले ही 124-124 सीटों पर लड़ने की घोषणा कर चुके हैं।
राकांपा अपने कुछ उम्मीदवारों की घोषणा भी तीन दिन पहले कर चुकी है। अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची के 51 उम्मीदवारों में अधिसंख्य वर्तमान विधायकों के अलावा अपेक्षाकृत मजबूत माने जा रहे उम्मीदवारों को स्थान दिया गया है।
2014 की प्रबल मोदी लहर में भी अपनी सीट बचाकर रखनेवाले विधायकों पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। इनमें मुंबई की चांदीवली सीट से चार बार विधायक रह चुके मुहम्मद आरिफ नसीम खान एवं मुंबादेवी सीट से विधायक अमीन पटेल के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के पुत्र अमित देशमुख आदि शामिल हैं।
शिवसेना ने एबी फॉर्म बांटे
दूसरी ओर, शिवसेना-भाजपा गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने अपने 14 वर्तमान विधायकों को नामांकन प्रक्रिया के लिए जरूरी एबी फॉर्म बांटकर उम्मीदवार घोषित करने की शुरुआत कर दी। शिवसेना और भाजपा दोनों की तरफ से गठबंधन करके ही चुनाव लड़ने की बात बार-बार की जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस एवं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे एक साथ एक मंच से कुछ स्थानों पर प्रचार सभाएं भी संबोधित कर चुके हैं। लेकिन अभी तक गठबंधन की घोषणा नहीं हो सकी है।
माना जा रहा है कि रविवार को दिल्ली में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक के बाद एक-दो दिन के अंदर ही गठबंधन की घोषणा हो जाएगी। चूंकि जीती गई सीटें उन्हीं दलों के पास रहने देने का फैसला संभवत: पहले ही हो चुका है, इसलिए शिवसेना ने आज अपने 14 वर्तमान विधायकों को एबी फॉर्म देकर उम्मीदवारी घोषित करने की शुरुआत कर दी। माना जा रहा है कि सोमवार को कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस के कुछ और बड़े नेताओं का प्रवेश भाजपा में हो सकता है।
लंबे समय से अपने दोनों पुत्रों के साथ भाजपा में आने को उत्सुक पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के भी दो अक्टूबर को भाजपा में आने की संभावना बन रही है। अब तक राणे का भाजपा प्रवेश शिवसेना के विरोध के कारण बार-बार अटकता रहा है। कोकंण क्षेत्र में नारायण राणे का अच्छा प्रभाव है। उनके भाजपा में आने से भाजपा और राणे, दोनों की ताकत बढ़ेगी। जबकि इस क्षेत्र में शिवसेना पहले से मजबूत रही है। राणे के भाजपा प्रवेश को शिवसेना अपने लिए चुनौती मानती रही है। लेकिन समझा जाता है कि अब भाजपा इस मुद्दे पर शिवसेना को मनाने में कामयाब हो गई है।