विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

BJP Maharashtra Manifesto 2019: भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने किया सावरकर, ज्योतिबा और सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने का प्रस्ताव

By Arun Kumar SinghEdited By:
Published: Tue, 15 Oct 2019 07:07 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 15 Oct 2019 07:28 PM (GMT+05:30)

BJP Maharashtra Manifesto 2019 भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने कहा है कि वह केंद्र सरकार से वीर सावरकर को भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए कहेगी।

BJP Maharashtra Manifesto 2019: भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने किया सावरकर, ज्योतिबा और सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने का प्रस्ताव
BJP Maharashtra Manifesto 2019: भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने किया सावरकर, ज्योतिबा और सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने का प्रस्ताव

 मुंबई, प्रेट्र। BJP Maharashtra Manifesto 2019: भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने कहा है कि वह पार्टी की अगुआई वाली राजग की केंद्र सरकार से वीर सावरकर के नाम से मशहूर विनायक दामोदर सावरकर को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए कहेगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा जारी अपने चुनाव घोषणापत्र में प्रदेश इकाई ने समाज सुधारक ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले को भी सम्मानित किए जाने की मांग की है।

पार्टी के एक नेता ने मंगलवार को कहा कि घोषणापत्र में यह मुद्दा केंद्र सरकार के सामने रखने की बात कही गई है। भाजपा के कई नेता सावरकर को प्रेरणा देने वाले के रूप में देखते हैं। सावरकर हिंदू महासभा के सदस्य थे लेकिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से नहीं जुड़े थे।

 भाजपा ने किया पांच करोड़ रोजगार, 2022 तक सभी को घर देने का वादा

भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को जारी अपने घोषणापत्र में राज्य को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने अगले पांच वर्षो में पांच करोड़ रोजगार सृजित करने और 2022 तक सभी को आवास देने का वादा किया है। कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा द्वारा संकल्पपत्र जारी करने के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और मुंबई इकाई के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढा मौजूद थे।

चुनाव घोषणापत्र में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग की देखरेख के लिए पृथक विभाग गठित करने का वादा किया गया है। घोषणापत्र जारी करते हुए नड्डा ने फड़नवीस की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है। इससे पहले राज्य को भ्रष्टाचार युक्त कहा जाता था लेकिन अब इसे भ्रष्टाचार मुक्त कहा जाता है।

 

गोडसे को भी भारत रत्न देने का प्रस्ताव कर सकती है भाजपा : भाकपा

भाजपा के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) महासचिव डी राजा ने मंगलवार को कहा कि सत्ताधारी पार्टी महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को भी भारत रत्न से नवाजने का प्रस्ताव कर सकती है। हमारे समय की सबसे बड़ी विडंबना है कि भाजपा सावरकर को भारत रत्न देने की मांग कर रही है। सावरकर भी महात्मा गांधी हत्या मामले में एक आरोपित थे।