एमपी: मुख्यमंत्री के मंच पर फेंकी चप्पल, शिवराज बोले- धन्यवाद
पुलिस ने आरोपी युवक व दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। चुरहट में सभा के बाद सीएम का काफिला रात करीब 1 बजे सीधी के पूजा पार्क में पहुंचा।
सीधी, नई दुनिया। चुरहट में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान सीएम के यात्रा रथ पर पत्थर फेंकने की घटना के बाद रविवार रात सीधी की सभा में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंच की ओर चप्पल फेंकी गई। आरक्षण के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संजय मिश्रा ने यह चप्पल फेंकी, जो मंच पर जाकर गिरी।
पुलिस ने आरोपी युवक व दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। चुरहट में सभा के बाद सीएम का काफिला रात करीब 1 बजे सीधी के पूजा पार्क में पहुंचा। मुख्यमंत्री सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान आरक्षण के विरोध में कुछ युवकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इन्हीं में से एक संजय ने सीएम के मंच की ओर चप्पल फेंक दी। चप्पल सीएम के पास जाकर गिरी। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने मुख्यमंत्री को घेर लिया। आरोपित संजय ने कहा आरक्षण का विरोध करने के लिए मैंने चप्पल फेंकी है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने मीडिया से कुछ नहीं कहा। वे केवल धन्यवाद कहकर चले गए।
पुलिस ने 33 लोगों को गिरफ्तार किया
सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा के रथ पर रविवार को पत्थर फेंके जाने की घटना को लेकर सोमवार को दिनभर राजनीतिक माहौल गरमाया रहा। भाजपा ने घटना को कांग्रेस की साजिश बताया तो वहीं, कांग्रेस ने पहले दिग्विजय सिंह और अब अजय सिंह व अन्य नेताओं को फंसाने का आरोप लगाया। इधर, मामले में पुलिस ने 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।