MP में राहुल गांधी के दौरे से पहले गुटबाजी आई सामने , दिग्विजय का कटआउट गायब
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर उजागर हुई है।
भोपाल(नईदुनिया)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर उजागर हुई है। यहां भेल दशहरा मैदान पर प्रदेश के लगभग सभी बड़े नेताओं के पोस्टर और कटआउट लगाए गए हैं, लेकिन इनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पोस्टर और कटआउट गायब हैं। इससे दिग्विजय समर्थक नाराज हो गए हैं। इधर SC/ST एक्ट को लेकर करणी सेना द्वारा राहुल गांधी के विरोध की घोषणा के बाद करणी सेना के नेता सुरेंद्र सिंह को नजरबंद कर लिया है।
राहुल गांधी के भोपाल पहुंचने से पहले कांग्रेस की अंदरुनी सियासत में बवाल आ गया है। मामला सभा स्थल पर दिग्विजय सिंह के कटआउट नहीं लगने का है। दरअसल भेल दशहरा मैदान पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कमलनाथ, ज्योतिरादित्या सिंधिया, सुरेश पचौरी, अजय सिंह सहित सभी बड़े नेताओं के कटआउट लगे हैं। यहां तक की विवेक तन्खा, शोभा ओझा, कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव के भी बड़े-बड़े कटआउट सभा स्थल पर लगे हैं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कटआउट नहीं लगाए गए हैं। इससे दिग्गी समर्थकों ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस विरोधी जहां इसे पार्टी की गुटबाजी से जोड़कर देख रहे हैं वहीं पार्टी के भीतर भी इसे लेकर बवाल मच गया है। कांग्रेसी नेता इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
राजनीति शुरू
इधर इस बारे में जब दिग्विजय सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद अपना कटआउट हटाने को कहा था। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे रोज अपना चेहरा देख लेते हैं, इसलिए उन्हें अपना चेहरा दिखाने के लिए कटउट की जरुरत नहीं है।
वहीं पूरे मामले को लेकर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। वहां कमलनाथ और सिंधिया के अलावा दूसरे नेता भी मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। इसलिए खुद को दिखाने के लिए दिग्विजय का कटआउट नहीं लगवाया।
करणी सेना नेता नजरबंद
इधर SC/ST एक्ट को लेकर करणी सेना ने राहुल गांधी को काले गुब्बारे दिखाने की घोषणा की थी, इससे पहले ही पुलिस ने करणी सेना के नेता सुरेंद्र सिंह को नजरबंद कर बड़ी मात्रा में काले गुब्बारे जब्त कर लिए हैं।
राहुल गांधी का कार्यक्रम
राहुल गांधी 12.45 बजे विशेष विमान से भोपाल पहुंचेंगे। विमानतल से लाल घाटी चौराहा पहुंचेंगे। लालघाटी से दोपहर करीब 1 बजे राहुल गांधी का रोड शो शुरू होगा। रोड़ शोह लालघाटी से वीआईपी गेस्ट हाउस, इमामी गेट, सदर मंजिल, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा, बाण गंगा, रोशनपुरा चौराहा, अपेक्स बैंक, पीसीसी, ज्योति टॉकीज, चेतक ब्रिज, कस्तूरबा नगर तिराहे से अन्ना नगर होता हुआ दशहरा भेल मैदान पहुंचेगा। रोड शो के बाद राहुल गांधी भेल के दशहरा मैदान में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर चुनावी मंत्र देंगे।
शिवभक्त राहुल गांधी
राहुल गांधी के रोड शो से पहले भोपाल को कांग्रेस ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं के पोस्टरों से पाट दिया है। इन पोस्टरों में राहुल गांधी की टीका और अक्षत वाली तस्वीरें दिख रही हैं। इसके अलावा एक तस्वीर में वह शिवलिंग पर जल चढ़ाते नजर आ रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में कैलाश मानसरोवर की तस्वीर है। इस तस्वीर में राहुल गांधी को शिवभक्त करार दिया गया है। हालांकि पार्टी के भीतर पोस्टरों से दिग्विजय सिंह की तस्वीरें गायब होने को लेकर भी तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं।