MP Election Results: यहां छिपा है मध्य प्रदेश में कांटे की टक्कर का राज
कांग्रेस और भाजपा के बीच सीटों की रस्साकशी के साथ ही वोट शेयर में भी कोई अंतर देखने को नहीं मिल रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। मध्य प्रदेश चुनाव के अब तक के मिले रुझानों में कांटे की टक्कर नजर आ रही है। कांग्रेस और भाजपा के बीच सीटों की रस्साकशी के साथ ही वोट शेयर में भी कोई अंतर देखने को नहीं मिल रहा है।
चुनाव आयोग से मिले अब तक के अपडेट के मुताबिक, दोनों ही पार्टियों का वोट शेयर 41.4 फीसदी है। सुबह से जहां सीटों के मामले में दोनों पार्टियों में कौन बढ़त ले रहा है, इसकी तस्वीर अलग थी। अभी भी पूरी तरह से साफ नहीं हुई है। दोनों ही पार्टियों को मतदाताओं ने बराबर समर्थन दिया है। इसलिए अब तक सीटों के मामले में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
शाम 6 बजे तक के आंकड़े।
भाजपा को नुकसान, कांग्रेस को फायदा
अब बात 2013 की करें तो तब भारतीय जनता पार्टी का वोट शेयर 44.9 फीसदी था। कांग्रेस का वोट शेयर 36.4 था। इससे साफ है कि कांग्रेस का इस साल के चुनाव में वोट शेयर बढ़ा है। वहीं, भाजपा को साढ़े तीन फीसदी का नुकसान हुआ है। कांग्रेस को 5 फीसदी का फायदा हुआ है।
अन्य पार्टियां भी फायदे में
2018 में अन्य पार्टियों का वोट शेयर पिछले चुनाव के मुकाबले बढ़ा है। पिछली बार यह 17.2 था, वह इस बार बढ़कर 18.5 फीसदी हो गया है। इसमें बहुजन समाज पार्टी भी शामिल है। बहुजन समाज पार्टी को इस बार वोट शेयर में नुकसान देखने को मिला है। इस बार उनका वोट शेयर 4.6 फीसदी है, वह पिछली बार 6.3 फीसदी था।