MP Election 2018: सुषमा स्वराज का ऐलान, नहीं लड़ेंगी अगला चुनाव, ये बताया कारण, देखेंं VIDEO
MP Chunav 2018: सुषमा स्वराज ने राम मंदिर, राफेल और महंगाई को चुनावी मुद्दा मानने से इंकार कर दिया।
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने स्वास्थ्य कारणों से अगला चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। इंंदौर में आयोजित पत्रकार वार्ता में सुषमा स्वराज ने ये घोषणा की। मीडिया से चर्चा में सुषमा स्वराज ने एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जमकर तारीफ की, वहीं उन्होंने कांग्रेस के वचन पत्र को झूठा बताया।
केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने पत्रकार वार्ता में चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर सबको चौंका दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कारणों से अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि धूल के कारण में विदेश तो जा सकती थीं लेकिन विदिशा तक नहीं आ सकती थी। आज भी सभागार में कार्यक्रम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के कारण ही उन्होंने नेतृत्व से कहा है कि अब मैं चुनाव नहीं लड़ सकती हूं।
सुषमा स्वराज ने कहा कि हमारी केंद्र और राज्य दोनों जगह सरकारें बहुत अच्छा काम कर रही हैं। इस दौरान 33 करोड़ से ज्यादा जनधन खाते खुले हैं। हमारे सामने विपक्ष में कोई विकल्प नहीं है। गठबंधन का कोई नेता नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांंग्रेस के वचन पत्र में बड़ी-बड़ी बातें की गई हैं। किसान का कर्ज माफ, बिजली बिल आधा , लड़कियों के विवाह के लिए आधा खर्च आदि। इससे लगता है कि अब कांग्रेस नेतृत्व को इस बात का विश्वास हो गया है कि कांग्रेस सरकार में नहीं आएगी इसलिए इतने सब्जबाग दिखा दिए। उन्होंने मान लिया है कि कि उन्हें सरकार में आना नहीं है।
सुषमा स्वराज ने राम मंदिर, राफेल और महंगाई को चुनावी मुद्दा मानने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चुनाव का नहीं बल्कि आस्था और अध्यात्म का मुद्दा है। उन्होंने ये कहा कि पेट्रोल और गैस के दाम भारत सरकार तय नहीं करतीं। हालांकि पेट्रोल के दाम लगातार कम हुए हैं। सुषमा ने नोट बंदी और जीएसटी लागू करने के फैसले को साहसिक निर्णय बताया। सुषमा स्वराज ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में एंटी इंकंबंसी नहीं है।
एक सवाल जवाब में उन्होंने कहा कि आडवाणी जी की आयु 90 वर्ष हो गई है। ऐसे में चुनाव की व्यस्तता से उन्हें असुविधा होती है। उन्होंने कहा कि सक्रियता का पैमाना केवल सभा लेना नहीं, वे हर मीटिंग में आते है ।
पाकिस्तान से आई मूक-बधिर युवती गीता को उन्होंने हिंदुस्तान की बेटी बताया। उन्होंने कहा कि गीता अब वापस पाकिस्तान नहीं जाएगी चाहे उसके परिवार के लोग मिले या न मिले। उन्होंने बताया कि गीता के माता को तलाशने के लिए काफी कोशिशें की जा रही हैं। 8 लोगों के डीएनए भी किए गए लेकिन सभी फेल हुए। उन्होंने ये भी कहा कि गीता अब शादी के लायक हो गई है, तो उस लिहाज से भी प्रयास किए जार रहे हैं।