MP Election 2018 : आरएसएस ने कहा, मतदान जरूर करें पर नोटा न दबाएं
MP Election 2018 : मध्यभारत प्रात के संघचालक अशोक पांडे ने कहा कि समाज के नैतिक मूल्यों का तो ध्यान रखें राजनेता।
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में तमाम लोग समाज में भ्रम फैला रहे हैं। संघ कभी भी राजनीतिक क्रियाकलापों में शामिल नहीं होता है। आरएसएस ने सिर्फ ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए अभियान चलाया हुआ है। हम चाहते हैं कि हर व्यक्ति अनिवार्य रूप से अपने नागरिक अधिकार का उपयोग करें। साथ ही यह भी ध्यान रखें कि नोटा का बटन न दबाएं।
ये बात आरएसएस के मध्यभारत प्रांत के संघचालक अशोक पांडेय ने कही। उन्होंने कहा कि संघ ने कभी कोई सर्वे नहीं किया और न ही कभी कोई संकल्प पत्र भरवाए।
संघ ने मध्यभारत के प्रांत कार्यवाह अशोक अग्रवाल के हवाले से बयान जारी कर कहा कि संघ के नाम पर कुछ शरारती तत्व समाज में भ्रम का वातावरण बनाना चाहते हैं। संघ के नाम से सोशल मीडिया में जो पत्र चल रहा है,वह पूर्णत: फर्जी है। इस तरह के सर्वे संघ कभी नहीं करता है। ज्ञात हो कि संघ के दिल्ली मुख्यालय के नाम से एक फर्जी लेटरहेड तैयार कर वायरल किया गया था।
इधर, नवदुनिया के साथ बातचीत में प्रांत संघचालक अशोक पांडेय ने कहा कि संघ ने अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए अभियान चलाया हुआ है। मौजूदा राजनीतिक माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सत्ता और चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन सामाजिक मूल्यों का ध्यान रखा जाना चाहिए। जिस तरह चुनाव में महिलाओं पर टिप्पणी की जा रही है, उससे समझ आता है कि राजनीति में कितनी गिरावट आ गई है।