MP Election 2018 : मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री की जोड़ी को पांच साल बनाए रखिए: मनोज तिवारी
MP Election 2018 : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि मप्र को देश का सबसे विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता।
अनूपपुर/ राजनगर/ भालूमाड़ा। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को घर दिया और राजनगर में कांग्रेस के एक नेता ने गरीबों को बेघर करने का काम किया। मप्र देश का एक ऐसा राज्य है, जहां बेटियों पर अत्याचार करने वालों को फांसी की सजा देने का कानून बनाया गया। मुख्यमंत्री व देश के प्रधानमंत्री की जोड़ी को पांच साल बनाए रखिए। मप्र को देश का सबसे विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता।
यह बात रविवार को दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने अनूपपुर व कोतमा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए कही। तिवारी ने कांग्रेस के गंगाजल लेकर वचन देने वाले फोटो-वीडियो पर पलटवार करते हुए कहा कि राम तेरी गंगा मैली हो गई, कांग्रेसियों के पाप धोते- धोते।
उन्होंने कहा कि जनवरी में कोर्ट से फैसला आ जाएगा और राम मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा। इस देश ने कांग्रेस पर 55 साल विश्वास किया लेकिन उन्होंने क्या किया। भाजपा के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री ने कई ऐसी योजनाएं बनाई हैं जिससे हर आम आदमी को लाभ मिला है, आयुष्मान योजना से हर व्यक्ति को 5 लाख तक कि दवाई मिलती है।