MP Election 2018 : यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने खर्च की सबसे ज्यादा राशि
MP Election 2018 : मतदान होने के बाद अब प्रत्याशियों द्वारा किए गए खर्च का आंकड़ा निर्वाचन विभाग ने जुटाना शुरू कर दिया है।
देवास, आदर्श ठाकुर। मतदान होने के बाद अब प्रत्याशियों द्वारा किए गए खर्च का आंकड़ा निर्वाचन विभाग ने जुटाना शुरू कर दिया है। अभी तक 26 नवंबर तक का खर्च का ब्यौरा आ चुका है। इसके बाद अब प्रत्याशी द्वारा अन्य खर्च का ब्यौरा दिया जाएगा। इसके बाद फाइनल आंकड़ा जोड़ा जाएगा।
26 तक के आंकड़े के अनुसार चुनावी खर्च के मामले में जिले की पांचों विधानसभाओं में देवास के कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह ठाकुर सबसे आगे रहे। ठाकुर ने करीब 18.58 लाख रुपए खर्च किए। वहीं खास बात यह कि इस चुनाव में कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी लाखों रुपए खर्च किए।
विधानसभावार खर्च का ब्योरा
खातेगांव
- भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने करीब 13 रुपए का खर्च किया। इस खर्च में खातेगांव में हुई अमित शाह की सभा का आधा खर्च 1.74 लाख रुपए जोड़ा गया। इसी प्रकार इंदौर में हुई प्रधानमंत्री की सभा का 1.13 लाख रुपए भी जोड़ा गया। इसके अलावा स्टार प्रचारक हेमामालिनी की सभा का करीब सवा लाख रुपए खर्च जोड़ा गया।
- यहां से कांग्रेस प्रत्याशी ओम पटेल भी खर्च के मामले में भाजपा प्रत्याशी के आसपास ही हैं। पटेल ने भी करीब 13 लाख रुपए खर्च किए हैं।
- खास बात यह कि यहां से निर्दलीय प्रत्याशी कमल पटेल ने पांच लाख रुपए तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी मोहन पटेल उइके ने भी करीब पांच लाख रुपए खर्च किए। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी प्रहलाद कर्मा मात्र 5200 रुपए खर्च कर सके। इसके बाद बीमार होने से उन्होंने प्रचार-प्रसार नहीं किया।
हाटपीपल्या
- यहां 26 नवंबर तक भाजपा प्रत्याशी दीपक जोशी ने करीब 13 लाख रुपए खर्च किए। उनके खाते में हेमा मालिनी व सीएम की सभा का खर्च जुड़ा है।
- कांग्रेस प्रत्याशी मनोज चौधरी ने करीब 11 लाख रुपए।
बागली
- बागली विधानसभा की बात की जाए तो 26 नवंबर तक यहां सबसे ज्यादा खर्च भाजपा प्रत्याशी पहाड़सिंह कन्नाौजे ने किया। कन्नाौजे ने करीब 14.69 लाख रुपए खर्च किए। उनके खाते में भी अमित शाह की खातेगांव में हुई सभा, पीएम की सभा व सीएम की सभा का खर्च जोड़ा गया है।
- कांग्रेस प्रत्याशी कमल वास्कले ने 9.27 लाख रुपए खर्च किए। वहीं यहा से निर्दलीय प्रत्याशी तेरसिंह देवड़ा ने 3.57 लाख रुपए खर्च किए।
देवास
- यहां खर्च के मामले में कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह ठाकुर ने 18.58 लाख रुपए का खर्च किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी गायत्रीराजे पवार ने करीब 17 लाख रुपए खर्च किए। भाजपा प्रत्याशी की के खाते में पीएम की सभा का खर्च जोड़ा गया है। इसके अलावा सीएम के कार्यक्रम का भी खर्च जुड़ा है।
- यहां बसपा के प्रत्याशी ने 1.57 लाख, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने 1.58 लाख व निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप बांगर ने 1.39 लाख रुपए खर्च किए।
सोनकच्छ
- कांग्रेस के सज्जनसिंह वर्मा ने 13.14 लाख खर्च किए। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र वर्मा ने 6.63 लाख।
- बसपा के प्रत्याशी ने 2.46 लाख व एक निर्दलीय ने 3.57 लाख रुपए खर्च किए। तीन निर्दलीय 10 हजार रुपए भी पूरे खर्च नहीं कर सके।