MP Election 2018 : कांग्रेस के 70 साल की तुलना शिवराज के 15 साल से करें : रमन सिंह
MP Election 2018 : मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह अपनी ससुराल बुड़वा पहुंचे।
शहडोल। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह के 15 साल की तुलना कांग्रेस के 70 सालों से करो, फिर सोचो कि इस प्रदेश का कितना विकास हुआ है। वह शासन याद करो, जब पैसा आता था और उसका बंदरबांट हो जाता था। जनता को मिलता कुछ नहीं था। आज प्रदेश की ग्रोथ 18 प्रतिशत है। जबकि अन्य राज्य छह प्रतिशत पर ही अटके हैं।
रमन सिंह मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपनी ससुराल बुढ़वा में चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में मुख्यमंत्रियों की बैठक होती है और उस बैठक में जब शिवराज सिंह अपने आंकड़े पेश करते हैं तो समझ में आता है कि वास्तव में मध्य प्रदेश विकास की रफ्तार में है।
बुढ़वा ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में आता है। उन्होंने कहा कि यदि मप्र में कांग्रेस की सरकार होती तो गरीबों का अपना पक्का घर बनाने का सपना पूरा नहीं हो पाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बदौलत ही आज गरीब के आवास पक्के बने हैं और बिजली से रोशन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो काम शिवराज ने कर दिखाया, वह अभूतपूर्व है।
ससुर से मिले, हालचाल पूछा
मुख्यमंत्री रमन सिंह भाषण के बाद अपने साले उपेंद्र सिंह के साथ ससुराल बुड़वा गढ़ी गए। यहां उन्होंने दस मिनट तक अपने ससुर व अन्य परिजन के साथ चर्चा की और कुशलक्षेम पूछी। इसके बाद वे 3 बजकर 52 मिनट पर हेलिकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना हो गए।