MP Election 2018: आगर-मालवा के भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों पर मारपीट का मामला दर्ज
MP Election 2018: एक फेसबुक पोस्ट से शुरू हुए विवाद में भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
आगर-मालवा। मध्य प्रदेश में मतदान की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे सियासी आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर तेज हो गया है। ताजा मामले में आगर-मालवा के कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े ने भाजपा प्रत्याशी मनोज ऊंटवाल के समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल कांग्रेस प्रत्याशी ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात को भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने जिला कांग्रेस कार्यालय और उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ मचाई। हंगामा इतना बढ़ा की कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। इस मामले में आगर पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाबूलाल यादव की रिपोर्ट पर 8 नामजद एवं अन्य के खिलाफ आईपीएस की धारा 294, 188, 427, 452 और 506 में प्रकरण दर्ज किया है। कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी ने भी इस मामले में थाने में शिकायती आवेदन दिया है। वहींं भाजपा प्रत्याशी के समर्थक इसे कांग्रेस की साजिश करार दे रहे हैं।
इस पूरे विवाद की शुरुआत भाजपा प्रत्याशी मनोहर ऊंटवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट से हुई थी। भाजपा प्रत्याशी के समर्थक इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस ने उस कार्यकर्ता को गिरफ्तार नहीं किया है। शुक्रवार रात को भाजपा कार्यकर्ताओं को पता चला कि आरोपित कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय में मौजूद है। उसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी और कई भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ।