MP Election 2018: सीमा पार से गोली आई तो फिर हमारी तरफ से गोलियां गिनी नहीं जाएंगी: राजनाथसिंह
MP Election 2018 : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आगर में चुनावी सभा के दौरान दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा।
आगर-मालवा। गृहमंत्री राजनाथसिंह ने गुरुवार को दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई गुना तो कोई छिंदवाड़ा और राघौगढ़ के किले से मुख्यमंत्री बनने की ताल ठोंक रहा है। राजनीति राम जैसे लोगों के हाथ में आ जाती है तो भक्ति बन जाती है।
उन्होंने कहा कि सुभाषचंद्र बोस और महात्मा गांधी के हाथों में आ जाती है तो शक्ति बन जाती है। कुछ लोग ऐसे हैं, जिनके हाथों में राजनीति आ जाए तो संपत्ति और विपत्ति बन जाती है। सिंह ने अशफाक उल्ला खान की फांसी की सजा को हंसते-हसंते गले लगाने वाले वाकये को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि 2014 के पहले दुनिया के टॉप 10 देशों में भारत नौवें स्थान पर था। चार साल में छठे स्थान पर आ गया है। नक्सलवाद 50 से 60 प्रतिशत समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की तारीफ करते हुए कहा कि चिराग लेकर ढूंढोगे तो ऐसा मुख्यमंत्री नहीं मिलेगा।
उन्होंने बताया हमने सोलह बार सफेद झंडा लहराया। जिसका मतलब होता है कि हम बातचीत कर समाधान चाहते हैं लेकिन 17वीं बार सेना से कह दिया कि अब बातचीत नहीं होगी। अगर सीमा पार से गोली आई तो फिर हमारी तरफ से इतनी गोलियां चलेंगी कि गोलियां गिनी नहीं जाएंगी।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने बारात तो निकाल दी, पर उन्हें खुद नहीं पता कि दूल्हा कौन है। कांग्रेस में कौन बनेगा मुख्यमंत्री का खेल चल रहा है। राहुलजी कहते हैं कि उनकी सरकार बनेगी तो वे किसानों के लिए आलू की फैक्टरी खुलवाएंगे। सुनकर अच्छा लगा कि अब मेहनत करना ही नहीं पड़ेगी। फैक्टरियों में आलू बनाए जाएंगे। सिंह ने कहा कि ऐसा चमत्कार तो सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है।