MP Chunav: 105 साल की महिला ने सबसे पहले डाला वोट, बनी मिसाल
MP Chunav 2018: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी 230 सीटों पर वोटिंग हुई और सभी वर्ग के मतदाता बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
छतरपुर। मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए मतदान के दौरान बिजावर के गांव बौंडा में एक उम्रदराज महिला के हौंसलों ने ढलती उम्र को पीछे छोड़ दिया और लोकतंत्र के महायज्ञ में हिस्सा लेने के लिए मतदान केंद्र पहुंची। वृद्ध महिला के उत्साह की प्रशासन ने भी प्रशंसा की और सरजू बाई का उनके घर पर जाकर सम्मान किया।
छतरपुर जिले के बिजावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बौंड़ा के मतदान केन्द्र क्रमांक 38 पर 105 साल की वयोवृद्ध महिला श्रीमती सरजू बाई तिवारी ने सबसे पहले अपना वोट डाला।
निर्वाचन स्वीप से जुड़े रिटायर्ड इंजीनियर सी.बी. त्रिपाठी ने सुबह 7 बजे सरजू बाई के घर पहुंचकर उनसे आशीर्वाद लिया और शाल-श्रीफल, स्वीप कैप भेंटकर उनका सम्मान भी किया।
छतरपुर जिले की सबसे अधिक उम्र की महिला सरजू बाई का हौंसला देखते ही बनता था। जब उनसे कहा गया कि माता जी आप गाड़ी में बैठकर मतदान करने चलें, तो वह बोली कि 'बेटा मोय गाड़ी-बाड़ी की जरूरत नईयॉ, मैं अबउ तौ निंगत लेत हों, अपना वोट डारवे खुदइ चले जैंहे, बेटा तुम जाव, अपनौ काम करो मैं वोट डार आहों।
उल्लेखनीय है कि इस महिला के घर से 1 किलोमीटर दूर पोलिंग बूथ था, इसलिए इस उम्रदराज की महिला से आग्रह करने के बाद उन्हें मतदान केन्द्र बाहर तक वाहन से लाया गया।
सरजूबाई के सम्मान में बिछाए फूल
मतदान केन्द्र के बाहर 40 मीटर का पांवड़ा बिछाया गया, जिस पर फूल बिछाए गए, फिर वृद्धा सरजूबाई को धीरे-धीरे मतदान केन्द्र पर लाया गया। इस अनोखी पहल के सूत्रदार रिटायर्ड इंजीनियर सी.बी. त्रिपाठी थे।
अपना वोट इस तरह डाला
मतदान केन्द्र के अंदर जैसे ही बुजुर्ग महिला मतदाता ने प्रवेश किया तो पीठासीन अधिकारी ने इस महिला का स्वागत किया। इस महिला ने पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए अपना वोट डालकर लोकतंत्र के इस महापर्व की साक्षी बनकर मतदान के प्रति जाग्रत होने की अद्भुत मिसाल पेश की।
ये वरिष्ठ नागरिक भी पीछे नहीं रहे। देखिए प्रेरणास्पद तस्वीरें