यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP Election: भोपाल, सतना, रीवा और सागर में सौ-सौ से ज्यादा नामांकन
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए छह दिन में तीन हजार 800 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

भोपाल, नईदुनिया स्टेट ब्यूरो। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए छह दिन में तीन हजार 800 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन सवा हजार से ज्यादा नामांकन दाखिल हुए। यह संख्या देर रात तक और बढ़ सकती है। वास्तविक स्थिति शनिवार को स्पष्ट होगी। शुक्रवार देर शाम की स्थिति में सर्वाधिक 162 नामांकन रीवा में जमा हुए हैं।
जबकि, सतना, भोपाल और सागर में सौ-सौ से ज्यादा नामांकन जमा किए गए। 2013 के चुनाव में दो हजार 583 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। इसमें से दो हजार 80 की जमानत जब्त हो गई थी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के हिसाब से तीन हजार 800 नामांकन जमा हुए हैं। यह संख्या बढ़ सकती है क्योंकि जिलों से डाटा फीड करने का काम चल रहा है।
98,891 मतदाता और बढ़े : 28 नवंबर को होने वाले मतदान में अब पांच करोड़ चार लाख 33 हजार 79 मतदाता हिस्सा लेंगे। इसमें दो करोड़ 63 लाख एक हजार 300 पुरुष, दो करोड़ 41 लाख 30 हजार 390 महिला और एक हजार 389 अन्य मतदाता शामिल हैं। 27 अक्टूबर के बाद 98 हजार 819 नए मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। 62 हजार 179 सर्विस मतदाता भी मतदान करेंगे। इन्हें डाक मतपत्र जारी किए जाएंगे।
