MP Election 2018: यहां 10 रुपए के नोट से मिल रही शराब की बोतल
MP Election 2018: चुनाव में वोट के लिए शराब बांटना तो आम है, लेकिन इसके लिए नेता जो तरीके निकाल रहे हैं, वे लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। चुनाव में वोट के लिए शराब बांटना तो आम है, लेकिन इसके लिए नेता जो तरीके निकाल रहे हैं, वे लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। अभी तक या तो कार्यकर्ता बस्तियों में जाकर शराब बांटा करते थे या फिर पर्ची सिस्टम चलता था। इस विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों ने नए तरीके खोज लिए हैं। अब इसके लिए 10 रुपए के नोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों को शराब सीधे देने के बजाय 10 रुपए का नोट दिया जा रहा है। यह नोट एक सीरीज विशेष का होता है और इस सीरीज का नंबर शराब के ठेके पर पहले से दर्ज होता है।
जब व्यक्ति यह नोट ठेके पर देता है तो इसके बदले उसे शराब की बोतल दे देता है। इससे सीधे तौर पर उम्मीदवार प्रशासन की नजरों में आने से भी बच जाता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तियों में पर्ची सिस्टम भी जोरों पर है। यहां कार्यकर्ता लोगों को वोट देने के लिए शराब की पर्चियां बांट रहे हैं। पर्ची में एक खास कोड होता है। कोड में फिल्मी नामों का जमकर इस्तेमाल किया जा रहा है। इस पर्ची को ठेके पर दिखाकर बदले में शराब दे दी जाती है। पर्चियां भी दो तरह की चल रही हैं, एक पर्ची पूरे चुनाव तक वैध है तो दूसरी ओर रोजाना की पर्चियां अलग से बांटी जा रही हैं।
10 के नोट का चलन नया
एक राजनीतिक दल से जुड़े कार्यकर्ता ने बताया कि चुनाव होने के बाद शराब ठेकेदार ज्यादा पर्चियां दिखा देता है। पर्ची सिस्टम में हिसाब में भी गड़बड़ी होती है। 10 रुपए के नोट सीरीज के होते हैं और इसमें गड़बड़ी नहीं होती। दूसरी ओर पर्चियां पकड़े जाने का डर होता है, लेकिन 10 रुपए के नोट में पकड़े जाने की कोई संभावना ही नहीं होती है इसलिए इस बार इस तरह से शराब बांटी जा रही है। इस बार के विधानसभा चुनाव में पहली बार यह तरीका अपनाया गया है।