MP Election 2018 : भाजपा को अधिक वोट मिले पर हमने जनादेश का सम्मान किया: शिवराज
शिवराज ने कमलनाथ को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब हम सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएंगे
भोपाल। मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश का सम्मान करते हुए अपना त्याग पत्र सौंपा है और नई सरकार के गठन के पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को बधाई दी है।
चौहान ने कहा कि अब कांग्रेस अपने वचन पत्र में दिए वादे निभाए। चौहान ने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने सरकार बनते ही दस दिन में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, उन्होंने यह भी कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो सीएम बदल देंगे।
चौहान ने कहा कि जनता ने हमें चौकीदारी का काम दिया, हम उसे बेहतर ढंग से निभाएंगे। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका को लेकर कहा कि इसका फैसला पार्टी करेगी। इससे पहले चौहान बुधवार सुबह राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। साथ ही उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक के रूप में कार्य करने का आग्रह किया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाताओं से चर्चा में शिवराज ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को कांग्रेस की तुलना में अधिक वोट मिले हैं, लेकिन संख्या बल में कांग्रेस ज्यादा है। इसका सम्मान करते हुए भाजपा ने सरकार बनाने के प्रयास नहीं किए और मैंने राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया।
उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह की मौजूदगी में कहा कि हम अपनी अपेक्षा के अनुरूप परिणाम लाने में सफल नहीं हो सके। कमलनाथ से मुलाकात के परिप्रेक्ष्य में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि त्यागपत्र देने के पहले उन्होंने कमलनाथ को फोन लगाकर शुभकामनाएं दीं। कमलनाथ ने उनके पास आकर मिलने की इच्छा जाहिर की और इस तरह दोनों की मुलाकात हुई।
इस दौरान उन्होंने कमलनाथ को फिर से बधाई और शुभकामनाएं दी। चौहान ने 15 वर्ष पहले राज्य में भाजपा की सरकार के गठन और उसके बाद उमा भारती, बाबूलाल गौर और फिर उनके स्वयं के मुख्यमंत्री बनने का संक्षेप में जिक्र किया और कहा कि भाजपा सरकार ने जनहितैषी अनेक योजनाएं चलाईं। विकास के बहुत सारे कार्य किए। इन सभी में निरंतरता बनी रहनी चाहिए और यही उनकी नई सरकार से अपेक्षा है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि वे दो-तीन दिन में सीएम हाउस खाली कर देंगे।
मजबूत विपक्ष बनेंगे
शिवराज बोले कि हम लोग मजबूत और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और जहां कहीं भी सरकार गलत करेगी, उस मुद्दे को तत्काल उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम लोग लगातार कार्य करने और जनता की सेवा करने वाले हैं। किसी तरह का आराम नहीं कर अपनी जिम्मेदार निभाएंगे। इसके साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएंगे, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार बने।
खजाना खाली नहीं, भरा-पूरा है
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य सरकार का खजाना खाली नहीं, यह पूरी तरह भरा-पूरा है। उन्होंने प्रतिसवाल किया कि बताइए क्या कभी किसी योजना के लिए सरकार ने धन की कमी आने दी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनका मन मध्य प्रदेश में ही रचा बसा हुआ है और वह इसके लिए ही कार्य करेंगे।
हम सब माई के लाल हैं...
विपक्ष का नेता चुने जाने संबंधी सवाल के जवाब में चौहान ने कहा कि इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल का संक्षेप में जिक्र किया और कहा कि उनकी मंशा कभी भी किसी का दिल या मन दुखाने की नहीं रही। इसके बावजूद यदि कभी उनके कार्य या व्यवहार से किसी का मन दुखा हो तो वे इसके लिए क्षमा याचना करते हैं। इस दौरान उन्होंने माई के लाल बयान के बारे में सवाल पूछा तो उन्होंने इसे टालते हुए कहा कि हम सब माई के लाल हैं।
हार की जिम्मेदारी मेरी
उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी नेताओं, केंद्रीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कार्यों के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव पूरी दमदारी से लड़ी, लेकिन कोई कमी रह गई होगी। इस बारे में विस्तार से बाद में विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की पराजय की जिम्मेदारी वे स्वयं लेते हैं। हालाकि स्पष्ट बहुमत न तो भाजपा को मिला और न ही कांग्रेस को। इसके बावजूद वह जनादेश का सम्मान करते हैं।