यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP Elections: 'भाजपा में कार्यकर्ता असंतुष्ट', इंदौर में दिग्विजय सिंह ने उठाया वन नेशन वन इलेक्शन का मुद्दा
MP Elections 2023 मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के ...और पढ़ें

HighLights
- दिग्विजय सिंह ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
- चुनाव के समय भाजपा को आती है जनता की याद- दिग्विजय सिंह
- वन नेशन वन इनकम पर ध्यान देने की जरूरत- दिग्विजय सिंह
इंदौर, जेएनएन। MP Elections 2023: पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के अनुसार, केंद्र सरकार को वन नेशन वन इलेक्शन के बजाय वन नेशन वन इनकम के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं, इसलिए कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। दिग्विजय सिंह रविवार को हैदराबाद से इंदौर पहुंचे और कुछ देर रुकने के बाद भोपाल रवाना हुए।

विमानतल पर चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार के वन नेशन और वन इलेक्शन प्रस्ताव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वन नेशन वन इनकम पर ध्यान देने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नौ साल के कार्यकाल में इस पर ध्यान देना था। इस मामले में गठित समिति में बतौर चेयरमैन पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द को शामिल करना पूर्व राष्ट्रपति जैसे पद की गरिमा के विपरीत है।
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के समय ही भाजपा (BJP) को जनता के बीच जाने की याद आई, इसलिए जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। अपने कार्यकाल में जनता के बीच जाते तो इसकी जरूरत नहीं पड़ती। भाजपा में कार्यकर्ता दुखी हैं, इसलिए वे कांग्रेस (Congress) में आ रहे हैं। आने वाले समय में और भी लोग भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामेंगे।
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्डा, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, सुवेग राठी, विनय बाकलीवाल, गोलू अग्रिहोत्री, अक्षय बम, रमीज खान आदि नेता मौजूद थे।
