Move to Jagran APP

आतंकवादियों से ही वोट मांगे कांग्रेस: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस देश को संकट में डाल रही है। पार्टी का घोषणापत्र इसका उदाहरण है। कांग्रेस के कारण ही देश का दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन हुआ।

By BhanuEdited By: Published: Thu, 04 Apr 2019 10:46 AM (IST)Updated: Thu, 04 Apr 2019 07:56 PM (IST)
आतंकवादियों से ही वोट मांगे कांग्रेस: योगी आदित्यनाथ
आतंकवादियों से ही वोट मांगे कांग्रेस: योगी आदित्यनाथ

रुड़की, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांगेस के घोषणा पत्र को देश के साथ धोखा बताते हुए कहा कि देशद्रोह कानून को समाप्त करने की बात कही गई है। ऐसे में कोई भी स्वाभिमानी और राष्ट्रभक्त नागरिक कांग्रेस को वोट क्यों देगा। कहा कि कांग्रेस को आतंकवादियों से ही वोट मांगने चाहिएं।

loksabha election banner

गुरुवार को हरिद्वार सीट से भाजपा प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और नैनीताल सीट से मैदान में उतरे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के समर्थन में उन्होंने क्रमश: रुड़की (हरिद्वार) और काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) में जनसभाओं को संबोधित किया।  रुड़की में आयोजित जनसभा में योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री का एक ही एजेंडा है देश का विकास। दूसरी ओर कांग्रेस का दोहरा चरित्र सबके सामने है। केरल की जिस सीट पर राहुल गांधी ने नामांकन किया, वहां पर कांग्रेस उस मुस्लिम लीग के साथ चुनाव लड़ रही है, जिसने देश को विभाजित किया। 

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का उदाहरण देते हुए योगी ने कहा कि उप्र. में 2013 में पापियों की सरकार थी। आज वहां की स्थिति देखिए, बात-बात पर दंगा करने वाले आज कहां है। अब अपराधी जेल में है या फिर उनका राम-नाम सत्य है। कुंभ की चर्चा करते हुए पिछले पांच वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नमामि गंगे के तहत गंगा साफ हुई। प्रयागराज में हुए कुंभ में 71 देशों के राजदूतों ने संगम का दर्शन किया। कुंभ में स्वच्छता और सुरक्षा दोनों पर काम हुआ। कांवड़ यात्रा पर उन्होंने कहा कि दो साल पहले तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारों ने कांवड़ यात्रा को हतोत्साहित करने का काम किया। डीजे, शंख बजाने तक पर पाबंदी लगाई गई। अब शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा हो रही है। कार्यक्रम में वर्तमान सांसद और प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक समेत अनेक भाजपा नेता मौजूद थे।

प्रियंका की मैया, सैंय्या और भैया भी जमानत पर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में प्रियंका गांधी ने रामजन्म भूमि स्थल को विवादित बताते हुए वहां दर्शन नहीं किए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ' प्रियंका वाड्रा देश को बताएं कि उनकी मैया, सैंय्या और भैया जमानत पर हैं तो वह क्या इन पर भी निर्णय लेंगी।' 

राहुल को पाकिस्तान से सहानभूति

योगी ने कहा कि कांग्रेस सेना के पराक्रम पर सबूत मांगती है। पाकिस्तान रो रहा है।  चीन और अमेरिका की सहानुभूति भी उसे नहीं मिल पा रही है, लेकिन राहुल गांधी की पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ सहानूभूति है। भारत ने अंतरिक्ष में सेटेलाइट मार गिराया कांग्रेस को उससे भी चिढ़ है और निर्वाचन आयोग से शिकायत की है।देश को संकट में डाल रही है कांग्रेस, घोषणापत्र इसका उदाहरण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस देश को संकट में डाल रही है। पार्टी का घोषणापत्र इसका उदाहरण है। कांग्रेस के कारण ही देश का दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन हुआ। इसके लिए मुस्लिम लीग व कांग्रेस का गठजोड़ जिम्मेदार था। आज राहुल गांधी वायनाड से नामांकन कर रहे हैं और वहां भी कांग्रेस का मुस्लिम लीग से गठबंधन है। ये देश को कहां ले जाएगा ये चिंता का विषय है। कांग्रेस देश के लिए खतरा बनती जा रही है। 

काशीपुर में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस कैसा माहौल पैदा करना चाहती है। उसका चुनावी घोषणापत्र इसका उदाहरण है। इसमें सेना को कमजोर करने की बात है। आतंकवाद, नक्सलवाद के बावजूद कांग्रेस को वोट बैंक की चिंता है। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। 

देश में एक ही नारा है-मोदी-मोदी। इस देश को प्रधानमंत्री मोदी चाहिए। भारत का हर नागरिक मोदी के साथ खड़ा है। कांग्रेस को गरीब, मजदूर, किसान की चिंता नहीं है। कभी परिवार, कभी जाति, कभी क्षेत्र के नाम पर लोगों को भड़काते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को 55 वर्षों की नाकामी का दस्तावेज बताया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने 55 पन्नों के घोषणा पत्र से देश को तोड़ने का काम किया है। ऐसी पार्टी को जनता सत्ता में लाने के नाम से भी कतरा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में देश के 270 जिले उपद्रव से ग्रसित थे। प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद आज सिर्फ पांच-छह जिले ही ऐसे हैं। मोदी को ध्यान में रख मतदान करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को एक मौका और दें।

उन्होंने कहा कि हर नामुमकिन काम को मोदी ने मुमकिन कर दिखाया है। काशीपुर के रामलीला मैदान में वह सांसद प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में जनता को संबोधित कर रहे थे। यूपी के सीएम आदित्यनाथ ने अपने 25 मिनट के संबोधन में कांग्रेस को चारों तरफ से घेरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का जवान देश की रक्षा के लिए अपनी जवानी की आहुति देता है। आवश्यकता पड़ने पर बलिदान देने से भी नहीं कतराता है। ऐसे में कांग्रेस देशद्रोह और आर्म्ड फोर्स स्पेशल पावर एक्ट (अफस्पा) को हटाने की बात कर रही है।

उन्होंने आतंकवाद, नक्शलवाद, और देश की सुरक्षा पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 55 वर्षों से देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाली पार्टी को उखाड़ फेंकने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद देश ने दोबारा आजादी की सांस ली है। ऐसे यशयश्वी नेता पर विपक्ष कीचड़ उछालने का काम कर रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री द्वारा सबका साथ सबका विकास करने के नारे को जीवंत बताया। कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के युवा, जवान, किसान, गरीब, माताओं, बहनों को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं।

कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में सौ से ज्यादा आतंकी घटनाएं देश में हुईं। इनमें नौ से ज्यादा लोग जान से हाथ धो बैठे। पाकिस्तान के आतंकवादी सीमा पर जवानों का सिर काट ले जाते थे और कांग्रेस उन पर फायर तक नहीं करने देती थी। उन्होंने उरी और पुलवामा में हुई आतंकी घटनाओं के बाद सेना द्वारा पाकिस्तान में की गई कार्रवाई से जनता को साधने की कोशिश की। 

इस मौके पर पूर्व सांसद बलराज पासी, रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, आशीष गुप्ता, नरेंद्र मानस, खिलेंद्र चौधरी, मोहन बिष्ट, मेयर ऊषा चौधरी, गणेश बाल्मीकि, जसपुर पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, दान सिंह रावत, लवीश अरोरा आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: हरिद्वार में राहुल की रैली का स्थल बदला, अब पंतद्वीप में होगी सभा

यह भी पढ़ें: टिहरी और हरिद्वार सीट के लिए 436 कर्मियों ने डाले पोस्टल वोट

यह भी पढ़ें: राज्य के विकास को प्रयासों में नहीं आने देंगे कोई कमी : अनिल बलूनी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.