Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2024: दिल्ली में भाजपा ने भ्रष्टाचार को बनाया हथियार, होली में भी दिखेगा इसका रंग, इन मुद्दों को उठाने लगे नेता

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी रणनीति बदल दी है। भाजपा अब दिल्ली में भ्रष्टाचार की होलिका जलाएगी। दिल्ली में भाजपा नेता और प्रत्याशियों ने जोर शोर से भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाना शुरू किया है। आप के साथ कांग्रेस को भी भाजपा ने अपने निशाने पर ले लिया है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Published: Sun, 24 Mar 2024 10:49 AM (IST)Updated: Sun, 24 Mar 2024 10:49 AM (IST)
Lok Sabha Election 2024: दिल्ली में भाजपा ने भ्रष्टाचार को बनाया हथियार, होली में भी दिखेगा इसका रंग, इन मुद्दों को उठाने लगे नेता
लोकसभा चुनाव 2024: चुनावी रण में भाजपा जलाएगी भ्रष्टाचार की होलिका।

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले आबकारी घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से चुनाव प्रचार का मुद्दा बदल गया है। इससे पहले भाजपा का जोर नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित करने पर था, परंतु अब आबकारी घोटाले और मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को उठाया जा रहा है। इसी के इर्द-गिर्द पूरा चुनाव प्रचार हो रहा है। होली के आयोजन में भी इसकी झलक दिख रही है। पार्टी ने इस बार भ्रष्टाचार की होलिका जलाने का निर्णय लिया है।

loksabha election banner

भाजपा के सातों उम्मीदवार अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार में लगे हैं। प्रतिदिन कार्यकर्ताओं और आमजन से जनसंपर्क के साथ ही अपने क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। तीन दिन पहले तक जनसंपर्क के दौरान उनकी प्राथमिकता मोदी सरकार की उपलब्धियां थीं। वह लोगों को बता रहे थे कि किस तरह से मोदी सरकार के निर्णयों और योजनाओं से आमजन का जीवन स्तर ऊंचा उठा है।

पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है। साथ ही वह दिल्ली सरकार पर आयुष्मान भारत सहित केंद्र की अन्य योजनाओं से दिल्लीवासियों को वंचित रखने का आरोप भी लगा रहे थे। ईडी की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे जा रहे समन की भी बात करते थे। अब मुख्य रूप से वह अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी, अदालत में ईडी की ओर से रखे गए साक्ष्यों पर बात कर रहे हैं। वह जनता को यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि आबकारी घोटाले में मुख्यमंत्री आरोपित हैं, इसलिए गिरफ्तारी पर उन्हें अदालत से राहत नहीं मिली है।

मुख्यमंत्री के त्यागपत्र की मांग को लेकर राजघाट पर किया प्रदर्शन

भाजपा प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी भी इसी मु्द्दे को उछालने में लगी है। उनकी कोशिश है कि इसे लेकर आम आदमी पार्टी के नेता जनता के बीच किसी तरह का भ्रम नहीं फैला सकें। इसे ध्यान में रखकर पार्टी के नेता बयानबाजी करने के साथ ही सड़क पर उतरने लगे हैं।

शनिवार को मुख्यमंत्री के त्यागपत्र की मांग को लेकर राजघाट पर प्रदर्शन किया गया। आने वाले दिनों में इस तरह के और प्रदर्शन करने की तैयारी है। कार्यकर्ताओं को भी जनता के बीच इसे आक्रामक तरीके से उठाने को कहा गया।

आप के साथ कांग्रेस भी निशाने पर

आबकारी घोटाले को लेकर कांग्रेस नेता पहले दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री की आलोचना करते थे। दिल्ली में आप के साथ चुनावी गठबंधन के कारण उनके बोल बदल गए हैं। अब वह मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी की आलोचना कर रहे हैं। इससे भाजपा को कांग्रेस को घेरने का मौका मिल गया है। इसमें बिना कोई देरी किए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं के पूर्व के बयानों को उठाकर उनसे भ्रष्टाचार पर यूटर्न का आरोप लगा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर भी इससे संबंधित वीडियो प्रसारित किया जा रहा है।

256 वार्डों में जलेगी भ्रष्टाचार की होलिका

भाजपा की ओर से प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक होली मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में भी भ्रष्टाचार ही मुद्दा है। होलिका दहन पर नेताओं को एक साथ कई लोगों से संवाद करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर को अपने पक्ष में भुनाने के लिए पार्टी ने सभी 256 वार्डों में भ्रष्टाचार की होलिका दहन करने का निर्णय लिया है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित सभी भाजपा पदाधिकारी, सांसद, प्रत्याशी, विधायक, पार्षद और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें: जानें सियासी फॉर्मूला: बिहार में राजद को 'माय' से मिली निराशा, अब 'बाप' से उम्मीद; क्या नीतीश के काम आएगा 'लव-कुश' समीकरण?

यह भी पढ़ें: भाजपा से दो-दो हाथ करेंगे नवीन पटनायक, इस वजह से नहीं हुआ गठबंधन, जानें क्या है नरम-गरम रणनीति


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.