विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

छठे चरण की 15 हाई- प्रोफाइल सीटें: तीन केंद्रीय मंत्री और तीन पूर्व सीएम मैदान में, फिल्मी सितारों समेत इन दिग्गजों की सीट पर सबकी निगाहें

Published: Wed, 22 May 2024 02:59 PM (IST)Updated: Sat, 25 May 2024 07:49 AM (IST)

Election 2024 6th Phase छठे चरण में आठ राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 58 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो ...और पढ़ें

Lok Sabha Election 2024 6th Phase: छठे चरण की 15 हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटें।
Lok Sabha Election 2024 6th Phase: छठे चरण की 15 हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटें।

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। छठे चरण में तीन पूर्व मुख्यमंत्री और तीन केंद्रीय मंत्री समेत कुल 889 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। आजमगढ़ से भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, गुड़गांव लोकसभा सीट से अभिनेता राज बब्बर और उत्तर पूर्व दिल्ली सीट से मनोज तिवारी चुनाव मैदान में हैं। आज 58 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। आइए जानते हैं छठे चरण की वो 15 हाई-प्रोफाइल सीटें, जिन पर पूरे देश की निगाहें हैं...

यह भी पढ़ें: छठे चरण में इन 58 सीटों पर 25 मई को मतदान, जानिए कब से कब तक होगी वोटिंग

1- करनाल लोकसभा सीट

हरियाणा की करनाल लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ दिव्यांशु बुद्धिराजा को उतारा है। जननायक जनता पार्टी से देवेंद्र कादियान और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) से मराठा वीरेंद्र वर्मा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां नौ निर्दलीय समेत कुल 19 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

2- अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट

जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ नेशनल पैंथर्स पार्टी (भीम) ने अर्शीद अहमद लोन को टिकट दिया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस से मियां अल्ताफ अहमद चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 10 निर्दलीय समेत कुल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं।

2- डुमरियागंज लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की डुमरियागंज लोकसभा सीट से भाजपा की टिकट पर पूर्व सीएम जगदंबिका पाल पांचवीं बार चुनाव मैदान में हैं। बसपा ने नदीम और सपा ने भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी को उतारा है। एक निर्दलीय समेत कुल छह प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

4- गुड़गांव लोकसभा सीट

हरियाणा की गुड़गांव लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह चौथी बार मैदान में हैं। यहां कांग्रेस ने फिल्म अभिनेता राज बब्बर को टिकट दिया है। जजपा की टिकट पर राहुल फाजिलपुरिया चुनाव लड़ रहे हैं। इनेलो ने सौराब खान पर भरोसा जताया है। नौ निर्दलीय समेत कुल 23 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

5- फरीदाबाद लोकसभा सीट

हरियाणा की फरीदाबाद लोकसभा सीट पर सात निर्दलीय समेत कुल 24 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा की टिकट पर केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल सिंह गुर्जर चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ महेंद्र प्रताप सिंह और जजपा ने नलिन हुड्डा को टिकट दिया है। इनेलो ने सुनील तेवतिया को उतारा है।

6- संबलपुर लोकसभा सीट

ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने नागेंद्र कुमार प्रधान और बीजू जनता दल ने प्रणब प्रकाश दास को उतारा है। चार निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

7- पुरी लोकसभा सीट

ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से भाजपा नेता संबित पात्रा चुनाव मैदान में हैं। बीजू जनता दल ने अरूप मोहन पटनायक को टिकट दिया है। कांग्रेस से जयनारायण पटनायक मैदान में हैं। पिछला चुनाव संबित पात्रा यहां से हार गए थे। इस बार दो निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी मुकाबले में हैं।

8- सुल्तानपुर लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर लोकसभा सीट से मेनका गांधी चुनाव मैदान में हैं। मेनका गांधी आठ बार लोकसभा का चुनाव जीत चुकी हैं। उनके खिलाफ बसपा ने उदराज वर्मा को उतारा है। समाजवादी पार्टी ने रामभुआल निषाद को टिकट दिया है। निर्दलीय समेत कुल नौ प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

9- आजमगढ़ लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट से भोजपुरी सुपर स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ भाजपा की टिकट पर चुनावी रण में उतरे हैं। सपा से अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव चुनाव लड़ रहे हैं। निरहुआ ने पिछला चुनाव धर्मेंद्र यादव को हराया था। बसपा ने मशहूद सबीहा अंसारी को टिकट दिया है। तीन निर्दलीय समेत कुल नौ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

10- कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट

हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से उद्योगपति नवीन जिंदल पहली बार भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि वे दो बार कांग्रेस की टिकट पर यहां से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। उनके सामने कांग्रेस-आप गठबंधन से डॉ. सुशील गुप्ता और इनेलो से विधायक अभय सिंह चौटाला है। जजपा ने पाला राम सैनी को टिकट दिया है। यहां 16 निर्दलीय समेत कुल 31 प्रत्याशी चुनाव में उतरे हैं।

11- रोहतक लोकसभा सीट

हरियाणा की रोहतक लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा कांग्रेस की टिकट से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी अरविंद शर्मा से है। जजपा ने रविंद को टिकट दिया है। 15 निर्दलीय समेत कुल 26 प्रत्याशी मैदान में हैं।

12- उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट

यहां भाजपा के मौजूदा सांसद एवं भोजपुरी गायक मनोज तिवारी का मुकाबला कांग्रेस-आप प्रत्याशी कन्हैया कुमार से है। बसपा ने अशोक कुमार को उतारा है। नौ निर्दलीय समेत कुल 29 प्रत्याशी मैदान में हैं।

13- नई दिल्ली लोकसभा सीट

यहां पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज पहली बार भाजपा की टिकट पर चुनाव मैदान में उतरीं हैं। आप की टिकट पर सोमनाथ भारती चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा ने राज कुमार आनंद को टिकट दिया है। चार निर्दलीय समेत 14 प्रत्याशी चुनाव मुकाबले में हैं।

14- पूर्व चंपारण लोकसभा सीट

बिहार की पूर्वी चंपारण लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। छह बार के सांसद राधा मोहन सिंह के सामने विकासशील इंसान पार्टी ने डॉ. राजेश कुमार को उतारा है। राजद के साथ गठबंधन के तहत यह सीट विकासशील इंसान पार्टी को मिली है। छह निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

15- सिवान लोकसभा सीट

बिहार की सिवान लोकसभा सीट हाई-प्रोफाइल हो गई है। इसकी वजह यह है कि बाहुबली शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरीं हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी को उतारा है। जनता दल (यूनाइटेड) से विजयलक्ष्मी देवी मैदान में हैं। बसपा से दिलीप सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। नौ निर्दलीय समेत कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें: 'ध्वस्त हो चुका सपा और राजद का एमवाई समीकरण, कांग्रेस को 400 प्रत्याशी भी नहीं मिले', विपक्ष पर खूब बरसे मोहन यादव