यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के लिए प्लान तैयार करने में जुटी कांग्रेस, यूपी की 46 सीटों पर उतारे नए कोऑर्डिनेटर
Lok Sabha Election 2024 कांग्रेस ने 80 लोकसभा सीटाें पर कोआर्डिनेटर नियुक्त करने के बाद लगभग तीन सप्ताह बाद 46 ...और पढ़ें

HighLights
- जल्दबाजी में पदाधिकारियों को दे दी गई थी दोहरी जिम्मेदारी
- अमेठी, लखनऊ व कानपुर में भी अब नए कोआर्डिनेट
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने 80 लोकसभा सीटाें पर कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने के बाद लगभग तीन सप्ताह बाद 46 सीटों पर नए चेहरों को अब यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारियों को जिलों के साथ ही लोकसभा सीट के कोऑर्डिनेटर का जिम्मा भी सौंप दिया गया था।
46 लोकसभा सीटों के लिए कोआर्डिनेटर बदले हैं
इनमें कई पदाधिकारियों को ऐसी लोकसभा सीट का जिम्मा सौंप दिया गया था, जो उनके जिले से दूर थी। इसे लेकर व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए अब लखनऊ, अमेठी, कानपुर, बरेली, शाहजहांपुर, सुलतानपुर समेत 46 लोकसभा सीटों के कोआर्डिनेटर बदले गए हैं।
पार्टी नेताओं का तर्क है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष, महामंत्री व सचिव का पदभार संभाल रहे पदाधिकारियों के पास पहले से जिम्मेदारियां थीं। ऐसे में लोकसभा चुनाव की तैयारियों व संगठन को अधिक मजबूती देने के लिए अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को लोकसभा सीट का कोआर्डिनेटर बनाकर उन पर भरोसा जताया गया है।
शनिवार को किए थे नाम घोषित
हालांकि इसे लेकर पहले विचार किए जाने का सवाल भी उठ रहा है। कांग्रेस ने आठ जनवरी को 80 लोकसभा सीटों के कोआर्डिनेटर की सूची जारी की थी। केंद्रीय नेतृत्व ने शनिवार को 46 सीटों पर नए कोआर्डिनेटर के नाम घोषित कर दिए। लखनऊ में सुभाष पाल के स्थान पर अब इख्लाक अहमद डेविड, अमेठी में मनीष मिश्रा के स्थान पर देवानंद मिश्रा, कानपुर में राहुल रिछारिया के स्थान पर शैलेंद्र चतुर्वेदी को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।