विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Election 2024: कोरबा में दिलचस्प हुआ चुनाव, कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों में कार्टून वार, इन मुद्दों पर एक-दूसरे को घेरा

By Jagran News NetworkEdited By: Jagran News Network
Published: Wed, 20 Mar 2024 07:27 PM (IST)

छत्तीसगढ़ की कोरबा लोकसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही ...और पढ़ें

लोकसभा चुनाव 2024: कोरबा सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कार्टून वार।
लोकसभा चुनाव 2024: कोरबा सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कार्टून वार।

प्रदीप बरमैया, कोरबा। लोकसभा चुनाव आते ही छत्तीसगढ़ की कोरबा सीट पर अब कार्टून वार छिड़ गया है। भाजपा और कांग्रेस की महिला प्रत्याशी एक-दूसरे पर निशाना साध रही हैं। कोरबा सीट पर भाजपा ने सरोज पांडेय और कांग्रेस ने ज्योत्सना महंत को अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने एक कार्टून जारी किया। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना पर क्षेत्र से लापता होने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने किया पलटवार

भाजपा के पोस्टर पर कांग्रेस ने पलटवार किया। कांग्रेस ने सरोज पांडेय को बाहरी प्रत्याशी के मुद्दे पर घेरा और एक कार्टून इंटरनेट मीडिया पर जारी किया। इसमें 'तुम तो ठहरे परदेशी, साथ क्या निभाओगे' लिखा था।

निष्किय बनाम बाहरी बना मुद्दा

सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। मगर उनका संबंध दुर्ग से है। कोरबा सीट से उन्हें पार्टी ने मैदान में उतारा तो सबसे पहले उन्होंने कांग्रेस सांसद ज्योत्सना महंत पर निशाना साधा और निष्क्रिय सांसद होने का आरोप लगाया। उधर, कांग्रेस सरोज पांडेय को बाहरी प्रत्याशी के मुद्दे पर घेरने में जुटी है।

क्या है कार्टून में

भाजपा के कार्टून में ज्योत्सना वोट मांगने निकली हैं और वोटर पूछ रहे हैं कि आप कौन हैं? ज्योत्सना के हाथ में एक पोस्टर है। इसमें लिखा है- मैं आपकी लापता सांसद हूं।

उधर, कांग्रेस ने कार्टून से ही भाजपा को जवाब दिया। कांग्रेस के कार्टून में सरोज पांडेय अखबार पढ़ती नजर आ रही हैं। इसमें, दुर्ग की सरोज पांडेय को कोरबा से टिकट मिलने की खबर छपी है। चाय देने पहुंचा चपरासी पूछ रहा है कि मैडम आप मतदान तक कोरबा में रहेंगी या परिणाम तक। उधर, जनता भी इस कार्टून वार का मजा लेने में जुटी है।

पिछले चुनाव में ज्योत्सना ने भाजपा को दी थी मात

ज्योत्सना महंत ने 2019 में कोरबा सीट से लोकसभा का चुनाव जीता था। वह दिग्गज कांग्रेस नेता डॉ. चरण दास महंत की पत्नी हैं। ज्योत्सना ने भाजपा प्रत्याशी ज्योतिनंद दुबे को शिकस्त दी थी। उनके पति चरण दास महंत छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष थे। इस वजह से वह राजधानी रायपुर में अधिक रहते थे। इस कारण ज्योत्सना भी अपने संसदीय क्षेत्र को अधिक समय नहीं दे सकीं। अब भाजपा ने इसे मुद्दा बना लिया और कार्टून के जरिए कांग्रेस प्रत्याशी को घेरने की कोशिश में जुटी है।

यह भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव से टूटा हौंसला, लोकसभा में प्रत्याशी नहीं उतारेगी AAP! गठबंधन का करेगी प्रचार

यह भी पढ़ें: दुर्ग में शुभ-अशुभ के फेर में भाजपा, अपने ही कार्यालय से बनाई दूरी, महासमुंद में कांग्रेस प्रत्याशी को 'विजयी मकान' की तलाश