विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

होली बाद गाढ़ा होगा चुनावी रंग, पीएम मोदी समेत ये नेता करेंगे रैली; कांग्रेस ने भी दिग्‍गजों के लिए बनाई ये रणनीति

By Jagran News NetworkEdited By: Jagran News Network
Published: Thu, 21 Mar 2024 12:53 PM (IST)

छत्तीसगढ़ में होली के बाद राजनीतिक दल चुनावी रंग जमाना शुरू करेंगे। सबसे पहले रैलियों की शुरुआत बस्तर लोकसभा सीट ...और पढ़ें

लोकसभा चुनाव 2024: होली बाद छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार में आएगी तेजी। (फाइल फोटो)
लोकसभा चुनाव 2024: होली बाद छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार में आएगी तेजी। (फाइल फोटो)

रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद भाजपा और कांग्रेस में राष्ट्रीय नेताओं की सभाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। होली के दो-तीन दिन बाद चुनावी रंग गाढ़ा होगा। भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राष्ट्रीय नेताओं की सभाएं होंगी।

भाजपा की ओर से एक-एक लोकसभा में किसी न किसी राष्ट्रीय नेता की सभा कराने की तैयारी की जा रही है। वहीं, कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत आईएनडीआईए गठबंधन के कई नेताओं की चुनावी रैलियां होंगी। राष्ट्रीय नेताओं की सभाएं होली के बाद ही होंगी।

बस्तर से शुरू होगा चुनावी समर

प्रदेश में लोकसभा का चुनाव तीन चरणों में होना है। दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों का सबसे पहले बस्तर पर फोकस रहेगा, क्योंकि पहले चरण में एकमात्र सीट बस्तर में ही चुनाव होना है। ऐसे में सबसे पहले बस्तर से ही चुनावी सभाओं का शुभारंभ होगा।

भाजपा के सभी तो कांग्रेस के छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित

भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों पर तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होगा। भाजपा लोकसभा की सभी 11 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। वहीं, कांग्रेस की ओर से छह सीटों पर उम्मीदवार तय किए गए हैं।

हर विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी भाजपा

लोगों तक पहुंचने के लिए भाजपा प्रदेश संगठन प्रत्येक विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन कराने में जुटा हुआ है। बस्तर में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा या केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सभा कराने की तैयारी है। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी हर क्लस्टर में एक-एक सभा कराने की रणनीति बनाई गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री की प्रदेश में अलग-अलग सभाएं हुई थी। भाजपा की ओर से जल्द ही स्टार प्रचारकों की सूची जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री की सभा हर विधानसभा में

प्रदेश संगठन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की हर विधानसभा में सभा कराने की रणनीति तैयार की है, जिसका शुभारंभ बस्तर से होना तय माना जा रहा है। प्रदेश में अंतिम मतदान सात मई को होगा। ऐसे में करीब 50 दिनों का समय है। एक दिन में दो से तीन विधानसभाओं में मुख्यमंत्री की सभाएं कराने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, प्रदेश के मंत्रियों रामविचार नेताम, ओपी चौधरी, दयालदास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल समेत अन्य मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की सभाएं भी होंगी। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद भाजपा सक्रिय हो गई है।

क्लस्टर में बांटकर प्रभारी नियुक्त

भाजपा ने लोकसभा की दृष्टि से प्रदेश को क्लस्टर में बांटकर उनके प्रभारी की नियुक्त कर दिए हैं। साथ ही लोकसभा चुनाव की दृष्टि से विभिन्न समिति का गठन कर उनका कार्य विभाजन किया गया है। लोगों के बीच जाकर उनके घरों में झंडा लगवाने, दीवार लेखन, मेरा परिवार-मोदी परिवार और विकसित भारत अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा ने 40 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है।

यह भी पढ़ें: दुर्ग में शुभ-अशुभ के फेर में भाजपा, अपने ही कार्यालय से बनाई दूरी, महासमुंद में कांग्रेस प्रत्याशी को 'विजयी मकान' की तलाश

यह भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव से टूटा हौंसला, लोकसभा में प्रत्याशी नहीं उतारेगी AAP! गठबंधन का करेगी प्रचार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।