Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चौथे चरण की 15 हाई प्रोफाइल सीटें: 6 केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री व दो क्रिकेटर मैदान में; फिल्म अभिनेता समेत दांव पर इनकी साख

    Updated: Mon, 13 May 2024 07:04 AM (IST)

    Lok Sabha Election 2024 चौथे चरण में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। छह केंद्रीय मंत्रियों के भाग्य का फैसला भी इसी चरण में होगा। पश्चिम बंगाल की दो लोकसभा सीटों से दो क्रिकेटर चुनाव मैदान में हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कन्नौज से 12 साल बाद चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक हैं।

    Hero Image
    लोकसभा चुनाव 2024: चौथे चरण की 15 हाई प्रोफाइल सीटें।

    चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। 13 मई यानी आज लोकसभा के चौथे चरण का चुनाव है। 10 राज्यों की 96 लोकसभा सीटों पर 1717 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। इसी चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर मतदान है। चौथे चरण में छह केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री, दो क्रिकेटर और एक अभिनेता समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है। तो आइए जानते हैं इनके बारे में...

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उजियारपुर लोकसभा सीट

    बिहार की उजियारपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आलोक कुमार मेहता को उतारा है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की टिकट पर मोहन कुमार मौर्या चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर पांच निर्दलीय समेत कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।

    यह भी पढ़ें: पंजाब की इन दो सीटों पर भाजपा ने खेला हिंदू कार्ड, क्या फिरोजपुर में गुणा-गणित पलट पाएंगे राणा गुरमीत?

    बेगूसराय लोकसभा सीट

    बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं। यहां से केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह के सामने बसपा ने चंदन कुमार दास और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने अवधेश कुमार राय को उतारा है। इंडी गठबंधन के तहत यह सीट सीपीआई के खाते में गई है। यहां तीन निर्दलीय समेत कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।

    खीरी लोकसभा सीट

    उत्तर प्रदेश की खीरी लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने समाजवादी पार्टी ने उत्कर्ष वर्मा 'मधुर' और बसपा ने अंशय कालरा को उतारा है। यहां दो निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

    खूंटी लोकसभा सीट

    झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने काली चरण मुंडा और बसपा ने सावित्री देवी को अपना प्रत्याशी बनाया है। दो निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

    जालना लोकसभा सीट

    महाराष्ट्र की जालना लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री दानवे रावसाहेब दादाराव चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने कल्याण वैजिनाथराव काले को उतारा है। निवरुत्ती विश्वनाथ बंसोडे बसपा की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। यहां 16 निर्दलीय समेत कुल 26 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

    सिकंदराबाद लोकसभा सीट

    हैदराबाद से सटी तेलंगाना की सिकंदराबाद लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस से दानम नागेंद्र, बसपा से बस्वानंदम दांडेपु, बीआरएस से पद्म राव टी की चुनौती है। 27 निर्दलीय समेत कुल 45 प्रत्याशी मैदान में हैं।

    सिंहभूम लोकसभा सीट

    झारखंड की सिंहभूम लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। दरअसल, भाजपा ने उनकी पत्नी गीता कोड़ा को अपना प्रत्याशी बनाया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जोबा माझी और बसपा ने परदेशी लाल मुंडा को उतारा है। पांच निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

    हैदराबाद लोकसभा सीट

    देश की सबसे हॉट सीटों में हैदराबाद की गिनती होती है। इस बार यहां भाजपा ने बड़ा दांव खेला है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ माधवी लता को उतारा है। कांग्रेस ने मोहम्मद वलीउल्लाह समीर, बसपा ने केएस कृष्णा और भारत राष्ट्र समिति ने श्रीनिवास यादव गड्डाम को टिकट दिया है। यहां सात निर्दलीय समेत कुल 30 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

    करीमनगर लोकसभा सीट

    तेलंगाना की करीमनगर लोकसभा सीट पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बंदी संजय कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने बसपा से मारेपल्ली मोगिलैया, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने विनोद कुमार बोइयानापल्ली और कांग्रेस ने वेल्चला राजेंद्र राव पर दांव खेला है। यहां 15 निर्दलीय समेत कुल 28 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

    बीड़ लोकसभा सीट

    महाराष्ट्र की बीड़ लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं। इसकी वजह है कि यहां से भाजपा की टिकट पर पंकजा मुंडे चुनाव में उतरी हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( शरद चंद्र पवार) से बजरंग मनोहर सोनवाणे और बसपा से सिद्धार्थ राजेंद्र टकनकर चुनाव लड़ रहे हैं। 29 निर्दलीय समेत कुल 41 प्रत्याशी मैदान में हैं।

    कन्नौज लोकसभा सीट

    उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 साल बाद चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा की टिकट पर मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक हैं। बसपा ने मुस्लिम प्रत्याशी इमरान बिन जफर पर दांव खेला है। सात निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी कन्नौज के चुनावी रण में उतरे हैं।

    बहरामपुर लोकसभा सीट

    पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के बड़े नेता अधीर रंजन चौधरी चुनाव मैदान में हैं। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने क्रिकेटर यूसुफ पठान पर दांव लगाया है। भाजपा की टिकट पर निर्मल कुमार साहा उतरे हैं। बहरामपुर में बसपा ने संतोष विश्वास पर भरोसा जताया है। छह निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

    कृष्णानगर लोकसभा सीट

    पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर लोकसभा सीट हॉट सीट बनी हुई है। यहां से टीएमसी की टिकट पर महुआ मोइत्रा चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने राजा कृष्णचंद्र राय के परिवार की सदस्य अमृता राय को अपना प्रत्याशी बनाया है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से एसएम सादी चुनाव मैदान में हैं। यहां पांच निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

    बर्धमान लोकसभा सीट

    क्रिकेटर कीर्ति आजाद टीएमसी की टिकट पर यहां से चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ भाजपा ने दिलीप घोष को उतारा है। बसपा की टिकट पर प्रभुनाथ साह और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से सुकृति घोषाल भी चुनावी मुकाबले में हैं। बर्धमान में दो निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

    आसनसोल लोकसभा सीट

    पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा टीएमसी की टिकट पर दूसरी बार मैदान में हैं। भाजपा ने एसएस अहलुवालिया को उनके खिलाफ उतारा है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से जहांआरा खान और बसपा से सन्नी कुमार साह चुनाव लड़ रहे हैं। दो निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

    यह भी पढ़ें: नई रणनीति बनाकर महुआ मोइत्रा को घेरने में जुटी भाजपा, क्या इस बार भेद पाएगी कृष्णानगर का किला?

    comedy show banner