कर्नाटक में चार विधान परिषद सीटों के लिए मतदान, 2 नवंबर को होगी मतों की गिनती
मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ है जो शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। वहीं मतों की गिनती 2 नवंबर को होगी। चालीस उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन चार निर्वाचन क्षेत्रों में 2.35 लाख मतदाता हैं।
बेंगलुरु, पीटीआइ। COVID-19 महामारी के बीच कर्नाटक में बुधवार को चार विधान परिषद सीटों के लिए मतदान हुआ। MLC चुनाव कर्नाटक दक्षिण-पूर्व स्नातक, कर्नाटक पश्चिम स्नातक, कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक और बैंगलोर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुआ। इन सीटों से क्रमशः आर सी रेड्डी थूपल्ली, एस वी शंकनूर, शरनप्पा मत्तूर और पुत्तन्ना सदस्य थे।
मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ है, जो शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। वहीं, मतों की गिनती 2 नवंबर को होगी। चालीस उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन चार निर्वाचन क्षेत्रों में 2.35 लाख मतदाता हैं। इस बार मतदान केंद्रों पर सुरक्षा अधिक है। पहले ही बूथ के आसपास सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है।
चुनाव आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि चेहरे पर मास्क और शारीरिक दूरी का पालन कर्मचारियों के साथ-साथ मतदाताओं को भी कराएं। दिशानिर्देशों का पालन करते हुए, सभी बूथों पर हैंड सेनिटर्स और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों के आसपास भी मेडिकल टीमें तैनात हैं।
भाजपा के लिए चुनाव महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी के लिए महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित करने के लिए राज्य विधान परिषद में बहुमत का अभाव है। भाजपा सरकार हाल ही में आयोजित विधायिका सत्र में कृषि बिल और श्रम सुधार संशोधन बिल पारित नहीं कर सकी क्योंकि विधानसभा में पारित होने के बावजूद यह उच्च सदन से पास नहीं हो सका। 75 सदस्यों वाली परिषद में कांग्रेस के 28 सदस्य, भाजपा के 27 सदस्य, जनता दल (सेकुलर) - 14 सदस्य, एक स्वतंत्र, एक अध्यक्ष और चार रिक्त सीटें हैं।
दक्षिण-पूर्वी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने चिदानंद एम गौड़ा, कांग्रेस ने रमेश बाबू और जद(एस) ने आर सी रेड्डी थूपल्ली को उम्मीदवार बनाया है। कर्नाटक पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के एसवी शंकनूर और कांग्रेस के आरएम कुबेरप्पा के बीच मुकाबला है। कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के शशि जी नमोशी का कांग्रेस के शरनप्पा मत्तुर और जद (एस) टी पुरले के बीच मुकाबला है। बेंगलोर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने पुत्तन्ना, कांग्रेस ने प्रवीण पीटर और जद(एस) ने एपी रंगनाथन को उम्मीदवार बनाया है।