हमें राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने की जरूरत नहीं : शाह
अमित शाह ने दावा किया कि कर्नाटक में भाजपा की सुनामी चल रही है। यहां भी कांग्रेस बुरी तरह हारेगी।
हुंगुंड (कर्नाटक), प्रेट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले चार साल के कामकाज पर सवाल खड़ा कर रहे राहुल गांधी पर शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने करारा हमला बोला। उन्होंने कहा, 'देश कांग्रेस अध्यक्ष के परिवार की चार पीढ़ियों के योगदान के बारे में जानना चाहता है। हमें राहुल के सवालों का जवाब देने की जरूरत नहीं है।'
उत्तरी कर्नाटक में बागलकोट जिले के तालुका हुंगुंड में भाजपा की एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने उपरोक्त टिप्पणी की। उनका कहना था, 'राहुल गांधी पूरे कर्नाटक में घूम-घूम कर पूछ रहे हैं कि मोदी सरकार ने पिछले चार वर्ष में क्या किया है। हमें राहुल के सवालों का जवाब देने की कोई जरूरत नहीं है। आप (राहुल गांधी) चार साल के हमारे कार्यों का विवरण क्यों चाहते हैं? देश के लोग आपकी चार पीढ़ियों के योगदान के बारे में पूछ रहे हैं।'
अमित शाह ने दावा किया कि कर्नाटक में भाजपा की सुनामी चल रही है। यहां भी कांग्रेस बुरी तरह हारेगी। बकौल भाजपा प्रमुख, ' 2014 के बाद हम 13 राज्यों में चुनाव जीत चुके हैं। अब कर्नाटक की बारी है। पूरे राज्य भर में जिस तरह से भाजपा की जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है, उससे साफ पता चल रहा है कि यहां भाजपा की सुनामी चल रही है। कांग्रेस का पत्ता साफ होना तय है।' उन्होंने कहा कि 12 मई के विधान सभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड विजय होगी।
भाजपा के राज्य प्रमुख बीएस येद्दयुरप्पा के लिए अमित शाह ने लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा, 'मैं यहां आपसे यह अपील करने आया हूं कि येद्दयुरप्पा को राज्य में पांच साल तक सरकार चलाने का अवसर दीजिए। वह कर्नाटक को पूरे देश में नंबर एक राज्य बना देंगे।'