Jharkhand Election 2019: उमड़ा चाचा का प्यार...सरयू ने की भविष्यवाणी, हेमंत ही बनेंगे सीएम
Jharkhand Assembly Election 2019 मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले पूर्व मंत्री और भाजपा के बागी सरयू राय अब भविष्यवक्ता बन गए हैं।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लडऩे वाले पूर्व मंत्री सरयू राय अब भविष्यवक्ता बन गए हैं। मंगलवार को उन्होंने ऐलान किया कि हेमंत सोरेन राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। हेमंत सोरेन के पक्ष में प्रचार करने को वे कर्ज उतारने की संज्ञा देते हैैं। उनके मुताबिक जमशेदपुर पूर्वी में हेमंत सोरेन ने उनका साथ देकर ऋणी बनाया था। लगे हाथों उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा 15 सीटों पर सिमट जाएगी। रघुवर सरकार पर उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप दोहराते हुए कहा कि वे अक्सर कहते हैैं कि इससे अच्छी हेमंत सोरेन की सरकार थी। रघुवर दास की कैबिनेट में मंत्री रहते हुए वे शर्मिंदगी महसूस करते थे और इसकी चर्चा भी उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर की थी।
सरयू राय ने हेमंत सोरेन की तरफदारी करते हुए कहा कि उनके खिलाफ एक्ट का उल्लंघन कर जमीन खरीदने का आरोप है। इसकी जांच के लिए एसआइटी गठित की गई, लेकिन सरकार रिपोर्ट सार्वजनिक करने से हिचक रही है। दावा किया कि रघुवर दास पर कई घोटाले के आरोप हैैं। पीआइएल भी दर्ज हुआ है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। खुद के ऊपर जमीन खरीद को लेकर विवाद के मामले में कहा कि जिस महिला ने आरोप लगाया है वह मुख्यमंत्री की करीबी है और जमशेदपुर में उनका चुनाव प्रचार भी कर चुकी है। इसकी महिला आयोग में भी शिकायत की गई है। उन्हें आयोग की नोटिस का इंतजार है। सरयू राय ने मंगलवार को सीता सोरेन के पक्ष में भी चुनाव प्रचार किया।
गोड्डा में राजद प्रत्याशी का प्रचार करने पहुंचे सरयू
भाजपा के बागी नेता सरयू राय ने कहा कि हरियाणा व महाराष्ट्र की तरह ही झारखंड में भी भाजपा राष्ट्रीय मुद्दा पर चुनावी दांव खेल रही है। लेकिन इसके बल पर झारखंड में चुनावी जीती नहीं जा सकती है। उन्होंने कहा कि वे अपने मित्र लालू प्रसाद यादव के कहने पर ही गोड्डा के राजद प्रत्याशी संजय प्रसाद यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार को पहुंचे है। वे संजय यादव के आवास पर पत्रकारों से रूबरू थे।
यह भी पढ़ेंः Jharkhand Assembly Election 2019: भ्रष्टाचारी लालू के दोस्त बने सरयू, अब उनकी पार्टी का कर रहे प्रचार