Jharkhand Assembly Election 2019: लोहरदगा में अमित शाह के आगमन को लेकर तैयारियां तेज
Jharkhand Assembly Election 2019. बीएस कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचकर पुलिस व भाजपा नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही जरूरी निर्देश भी दिए।
लोहरदगा, जासं। Jharkhand Assembly Election 2019 - गृह मंत्री और भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लोहरदगा आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी है। शहर के बलदेव साहू महाविद्यालय मैदान में अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर लोहरदगा पुलिस के साथ भाजपा के प्रदेश और स्थानीय नेताओं ने मंगलवार को तैयारियों का जायजा लिया। इस क्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन श्रीचंद प्रजापति, ओमप्रकाश सिंह, राजमोहन राम सहित तमाम भाजपा नेता कार्यक्रम स्थल पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की।
मंच निर्माण, सुरक्षा, वाहन पड़ाव सहित अन्य तैयारियों की जांच की। साथ ही जरूरी निर्देश भी दिए। इसके अलावा पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की गई है। एसडीपीओ जितेन्द्र सिंह, डीएसपी परमेशवर प्रसाद, इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी जयप्रकाश राणा के साथ पुलिस के अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा बिंदुओं पर पड़ताल की है। यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हों। कार्यक्रम की सफलता को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में भ्रमण करते हुए लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए कहा गया है। कार्यक्रम के लिए सुरक्षा, यातायात, कार्यक्रम में उमड़ने वाली भीड़ सहित अन्य बिंदुओं पर नजर रखने के लिए कहा गया है।