Jharkhand Assembly Election 2019: अरे भाई... हमारे नेताजी तो इस भीड़ को ही जनादेश मान बैठे; चुनावी चक्रम
Jharkhand Assembly Election 2019 साहब का कुनबा रह-रहकर बिखरता रहा है। कंघी के सहारे झारखंड की सूरत संवारने की कसम खाने और 8 सीटें झटक लेने वाले नेताओं में से सात कमल खिलाने निकल गए
रांची, [जागरण स्पेशल]। Jharkhand Assembly Election 2019 साहब का कुनबा रह-रहकर बिखरता रहा है। कंघी के सहारे झारखंड की सूरत संवारने की कसम खाने और आठ सीटें झटक लेने वाले नेताओं में से सात कमल खिलाने निकल पड़े। साहब गठबंधन के बड़े पक्षधर हैं, परंतु एक कार्यक्रम में भीड़ देख इतने गदगद हुए कि उसे जनादेश ही मान बैठे। कहते हैं उनका गठबंधन जनता के साथ है और अब अकेले सभी सीटों पर फाइट करेंगे। अब मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में साहब की चुनावी नैया किस किनारे लगेगी, यह तो जनता ही तय करेगी।
झाविमो में शामिल हुए कई दलों के नेता
मंगलवार को झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के डिबडीह स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न दलों से संबद्ध कोल्हान प्रमंडल के दर्जनों समर्थकों ने झाविमो की सदस्यता ग्रहण की। झाविमो का दामन थामने वालों में मुख्य रूप से झामुमो नेता व पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा के अलावा नरेश चंद्र मुर्मू व हरमोहन महतो, कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सुशील बारला, घाटशिला की सुनीता सोरेन, बबलू सरदार आदि शामिल हैं।
मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता के प्यार की बदौलत झारखंड विकास मोर्चा अपने पुराने रंग में लौट चुका है। झाविमो के अस्तित्व समाप्ति का सपना देखने वालों को जनता इस बार चुनाव में धूल चटा देगी। पूरे झारख्ंाड में झाविमो की लहर चल रही है। जनता समझ चुकी है कि केवल कंघी ही झारखंड प्रदेश को संवारने में सक्षम है। हमारा गठबंधन राज्य की जनता के साथ है। जनता ने अवसर दिया तो पांच साल में झारखंड को देश का अव्वल राज्य बनाकर दिखा देंगे।