Jharkhand Assembly Election 2019 : पूर्वी सिंहभूम में पार्टियों ने जताया युवा प्रत्याशियों पर भरोसा Jamshedpur News
Jharkhand Assembly Election 2019. पूर्वी सिंहभूम में युवा वोटरों की तादात ज्यादा हे। यही वजह है कि पार्टियों ने युवाओं को टिकट वितरण में ज्यादा तरजीह दी है।
जमशेदपुर, जासं। Jharkhand Assembly Election 2019 पूर्वी सिंहभूम जिला के सभी छह विधानसभा क्षेत्र में प्रमुख पार्टियों ने युवा प्रत्याशियों पर पहली बार भरोसा जताया है। इससे पहले किसी भी दल ने इतने युवा प्रत्याशी नहीं उतारे थे।
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां भाजपा ने युवा प्रत्याशी के रूप में 38 वर्षीय कुणाल षड़ंगी को उतारा है। इसके अलावा यहां सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया से 35 वर्षीय आशारानी पाल को प्रत्याशी बनाया गया है। घाटशिला विधानसभा की बात करें तो यहां भाजपा ने 32 वर्षीय लखन चंद्र मार्डी, भाकपा ने 27 वर्षीय कन्हाई मुर्मू, झाविमो ने 27 वर्षीय डॉ. सुनीता देवदूत को चुनावी मैदान में उतारा है। जुगसलाई से झामुमो ने 38 वर्षीय मंगल कालिंदी, पोटका से झामुमो ने 37 वर्षीय संजीव सरदार पर दांव लगाया है। इसके अलावा अन्य कई दलों तथा निर्दलीय प्रत्याशी भी युवा हैं। वहीं जमशेदपुर पूर्वी व पश्चिमी में मुख्य पार्टियों ने अपने कद्यावार नेताओं को चुनावी अखाड़े में उतारा है।
जिले में युवा मतदाताओं की संख्या भी कम नहीं
झारखंड विधानसभा चुनाव में पूर्वी सिंहभूम जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य पार्टियों द्वारा युवा प्रत्याशी दिए जाने के पीछे मतदाताओं की संख्या है। युवा मतदाताओं की संख्या सभी विधानसभा क्षेत्र में 38 प्रतिशत से ऊपर है। लेकिन सबसे ज्यादा युवा मतदाताओं की संख्या घाटशिला में है। घाटशिला विधानसभा में 2,39, 678 मतदाताओं में से 20 से 39 आयु वर्ग के 54 प्रतिशत मतदाता है। इसके अलावा बहरागोड़ा में 2,22,378 मतदाता में से 48. 73 प्रतिशत मतदाता युवा है।
20-39 आयु वर्ग के कहां कितने मतदाता
- जमशेदपुर पूर्वी : 60,362
- जमशेदपुर पश्चिम : 68,481
- पोटका : 72,798
- जुगसलाई : 75,356
- बहरागोड़ा : 59, 322
- घाटशिला : 62,505