Move to Jagran APP

Jharkhand Election 2019 Phase 1 Voting: पहले चरण में झारखंड की 13 सीटों पर 65% वोटिंग

Jharkhand election 2019 Phase 1 Voting राज्‍य चुनाव आयुक्‍त विनय कुमार चौबे ने बताया कि चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच सभी 13 सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्‍न हुआ।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 30 Nov 2019 12:05 AM (IST)Updated: Sun, 01 Dec 2019 07:52 AM (IST)
Jharkhand Election 2019 Phase 1 Voting: पहले चरण में झारखंड की 13 सीटों पर 65% वोटिंग
Jharkhand Election 2019 Phase 1 Voting: पहले चरण में झारखंड की 13 सीटों पर 65% वोटिंग

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Election 2019 Phase 1 Voting झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर 65 फीसद वोटिंग हुई है। पहले चरण के चुनाव के साथ ही इन सीटों पर 189 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। राज्‍य चुनाव आयोग के मुताबिक तीन बजे तक पहले चरण में कुल 64.44 फीसद मतदान हुआ है। यह पिछले विधानसभा चुनाव की अपेक्षा 1.15 फीसद अधिक है। आंकड़ों के मिलान के बाद इसमें बढ़ोतरी की गुंजाइश बाकी है। यहां एक बजे तक 47 फीसद मतदान हुआ था। इन सीटों पर 11 बजे तक करीब 28 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। पहले चरण के 13 विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदान के लिए वोटरों में खासा उत्‍साह देखा गया। ये सभी विधानसभा सीट सबसे अधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हैं। इन 13 सीटाें पर कुल 4,892 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल मतदाताओं की संख्‍या 37,83,055 रही। पहले चरण की सीटों में चार को छोड़कर सभी पलामू प्रमंडल की सीटें हैं। यहां देखें विधानसभा चुनाव से जुड़ा पल-पल का अपडेट...

loksabha election banner

Jharkhand Election 2019 Phase 1 Voting

6:00 PM : झारखंड राज्‍य निर्वाचन आयोग के मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त विनय कुमार चौबे ने बताया कि पांच चरणों में हाने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 13 सीटों पर शनिवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्‍न हुआ है। इन विधानसभा क्षेत्रों में सुबह से भारी उत्‍साह के बीच 65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि इसमें आंकड़ों के मिलान के बाद अभी बढ़ोतरी की गुंजाइश बाकी है। लोहरदगा में रिकॉर्ड 71.47 फीसद मतदान दर्ज किया गया है।

मतदान प्रतिशत

         सीट                2014                   2019

  1. चतरा                53.63                 56.59
  2. गुमला               60.81                 67.3
  3. बिशुनपुर           67.05                 69.8
  4. लोहरदगा          67.93                 71.47
  5. मनिका             59.77                 62.66
  6. लातेहार            66.16                 67.2
  7. पांकी               65.12                 64.1
  8. डालटनगंज       64.69                 63.9
  9. विश्रामपुर          61.43                61.6
  10. छतरपुर            59.42                62.3
  11. हुसैनाबाद         62.32                60.9
  12. गढ़वा               67.54               66.04
  13. भवनाथपुर         68.11               67.34 

    कुल               63.27           64.44

3:40 PM : झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 13 विधानसभा सीटों पर हो रहे मतदान में अपराह्न 3 बजे तक 62.87% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। 3 बजे के बाद जो व्यक्ति मतदान केंद्र में कतार में खड़े हैं सिर्फ वे ही मतदान कर पाएंगे। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर कुल 63.27 फीसद वोट पड़े थे।

3:35 PM : झारखंड की 13 सीटों पर 3 बजे तक 64% वोटिंग हुई है। हालांकि मतदान के प्रतिशत में और इजाफा हो सकता है। अभी तक निर्वाचन आयोग की ओर से फाइनल अपडेट नहीं आया है। 3 बजे तक लाइन में लगे मतदाताओं को वोट देने दिया जा रहा है। चतरा में 56.59 फीसद, गुमला में 67.3, बिशुनपुर में 67.04, लोहरदगा में 64.18, पांकी में 64.1, डालटनगंज में 63.9, हुसैनाबाद में 60.9, विश्रामपुर में  61.6, छतरपुर में 62.3, मनिका में 57.61, लातेहार में 61.28, गढ़वा में 66.04, भवनाथपुर में 65.52 प्रतिशत वोट डाले गए।

3:30 PM : हिरासत में लिए गए पलामू में कांग्रेस के उम्मीदवार केएन त्रिपाठी को रिहा कर दिया गया है। उन्‍होंने मतदान केंद्र पर सरेआम पिस्टल लहराकर सनसनी फैला दी थी। इसके बाद उन्‍हें हिरासत में ले लिया गया था। हालांकि उनकी पिस्‍तौल को जब्‍त कर लिया गया है।

3:00 PM : डालटेनगंज में बारात जाने से पहले बूथ संख्या 155 पर दूल्‍हेे राजन सिंह ने अपने पिता के साथ वोट डाला।

2:00 PM : मीनाक्षी लेखी ने कहा, यही है कांग्रेस की संस्‍कृति : भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने केएन त्रिपाठी द्वारा बंदूक दिखाए जाने के मामले को  कांग्रेस की संस्कृति से जोड़ा है। कहा, कांग्रेस ने बंदूक दिखाकर अपना असली चेहरा उजागर किया। यह पहले भी बूथ लूटने और धमकाकर वोट लेने की राजनीति करते रहे हैं।  हेमंत सोरेन के  आदिवासियों को लेकर दिए गए हालिया बयान पर कहा , इन्होंने मुख्यमंत्री रहते आदिवासियों के लिए क्या किया ? आदिवासियों के नाम पर सिर्फ अपनी तिजोरी भरी। झारखंड की प्रगति के लिए कुछ नहीं किया। लेखी ने आर्थिक विकास दर गिरने के सवाल पर कहा पूरी दुनिया के 90% देशों में नेगेटिव ग्रोथ है इस लिहाज से देखें तो हम आज भी बहुत अच्छी स्थिति में हैं। प्याज की बढ़ती कीमतों पर कहा केंद्र सरकार ने 50000 टन प्याज इंपोर्ट किया है अब यह राज्यों का काम है कि वह केंद्र से डिमांड करें।

2:00 PM : केएन त्रिपाठी हिरासत में : पलामू में कांग्रेस के उम्मीदवार केएन त्रिपाठी ने मतदान केंद्र पर सरेआम पिस्टल लहराकर सनसनी फैला दी है। इस मामले में मुख्यालय के आदेश पर तुरंत कांग्रेसी उम्मीदवार को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, जिला निर्वाचन पदाधिकारी को संबंधित वीडियो क्लिपिंग भेज दी गई है। इस बाबत कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार कदम उठाने का निर्देश भी दिया गया है। राज्‍य चुनाव आयोग के मुताबिक पहले चरण की सभी 13 सीटों पर  तीन बजे तक मतदान होगा। इस दौरान जो भी वोटर कतार में लगे होंगे, उन्‍हें वोट डालने दिया जाएगा।

1:40 PM : राज्‍य चुनाव आयोग के मुताबिक झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 13 विधानसभा  सीटों पर हो रहे मतदान में  अपराह्न 1 बजे तक 48.83% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है।

  • 27 चतरा -46.21%
  • 68 गुमला-41.90%
  • 69 विशुनपुर-41.39%
  • 72 लोहरदगा-48.72%
  • 73 मनिका-45.17%
  • 74 लातेहार-52.14%
  • 76 डालटनगंज-45.40%
  • 75 पांकी-45.20%
  • 77 विश्रामपुर-45.80%
  • 78 छतरपुर-47.40%
  • 79 हुसैनाबाद-46.80%
  • 80 गढ़वा- 46.32%
  • 81 भवनाथपुर-53.13%

1:20 PM : लोहरदगा में समय के साथ बढ़ता ही जा रहा मतदाताओं का उत्साह: लोहरदगा में समय के साथ मतदाताओं का उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में समान रूप से मतदान की प्रक्रिया चल रही है। राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने पूरे परिवार के साथ बालिका विद्यालय स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। मत्स्य कार्यालय स्थित मतदान केंद्र में भाजपा के प्रत्याशी सुखदेव भगत ने अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया। सुखदेव भगत ने अन्य लोगों से भी मतदान प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। कुडू प्रखंड के जिंगी में आजसू प्रत्याशी नीरू शांति भगत और पूर्व विधायक कमल किशोर भगत ने मतदान किया है।

1:20 PM : एक बजे तक 47 फीसद मतदान: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर एक बजे तक 47 फीसद मतदान दर्ज किया गया है। सबसे अधिक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान हुआ है। चतरा में 46.21 फीसद, गुमला में  41.9, बिशुनपुर में 41.39, लोहरदगा में 48.72, पांकी में 45.2, डालटनगंज में 45.4, हुसैनाबाद में 46.8, विश्रामपुर में 45.8, छतरपुर में 47.4, मनिका में 45.17, लातेहार में 52.14, गढ़वा में 46.32, भवनाथपुर में 53.13 मतदान हुआ है।

1:10 PM : गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में अपराहन 1 बजे तक 46.32% और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में 53.13% मतदान हुआ है। सभी तेरह सीटों पर एक बजे तक 46.83 फीसद मतदान हुआ है। अबतक सबसे अधिक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान हुआ है।

यह भी पढ़ें : Jharkhand Assembly Election 2019: कांग्रेस प्रत्याशी ने बूथ पर पिस्तौल लहराई, प्रशासन ने किया नजरबंद

12:30 PM : कांग्रेस उम्‍मीदवार ने पिस्‍तौल लहराई, प्रशासन ने किया नजरबंद : बूथ पर पिस्‍तौल लहराने वाले कांग्रेस प्रत्‍याशी केएन त्रिपाठी को डीसी ने तलब कर नजरबंद कर दिया है। चुनाव आयोग ने इस पूरे मामले में विस्‍तृत रिपोर्ट तलब की है। बताया गया कि भाजपा समर्थकों के साथ हाथापाई और मतदाताओं को पिस्‍तौल दिखाकर धमकाने के आरोप में केएन त्रिपाठी गिरफ्तार किए जा सकते हैं। डीसी के स्‍तर से आयोग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

12:00 PM : गढ़वा विधानसभा चुनाव में पहली बार वोटिग करने को ले युवा वोटरों में खासा उत्साह देखने को मिला। गढ़वा गढ़वा के विशुनपुर मोहल्ला निवासी अंशु प्रिया ने विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र संख्या 188 पर अपने जीवन का पहला वोट डाला।

11:50 AM : डालटनगंज में कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी द्वारा हथियार लहराने की सूचना पर चुनाव आयोग ने रिपोर्ट तलब की है। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि निर्वाची पदाधिकारी से फोन पर भी जानकारी ली गई है। वहां मतदान प्रभावित नहीं हुआ है। पूरे मामले की विस्‍तृत रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

11:40 AM : पहले चरण की 13 सीटों पर चल रही मतदान प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी भी की जा रही है। कुल 1262 मतदान केंद्रों की मतदान गतिविधियों का वेबकास्टिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इसके लिए मूक निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अलावा संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  Jharkhand Elections 2019 Phase 1 Voting: वोटिंग के बीच लैंड माइंस विस्‍फोट, गुमला में नक्‍सलियों ने उड़ाया पुल

11:35 AM : झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 13 विधानसभा  सीटों पर हो रहे मतदान में लोगों का उत्साह बरकरार है। सभी बूथों पर सुरक्षा बल तैनात हैं। मतदान में कार्यरत सभी कर्मी मुस्तैदी से मतदान करवाते नजर आ रहे हैं। दिन के बढ़ते पहर के साथ साथ मतदन प्रतिशत भी बढ़ रहा है। अभी तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सुबह 11 बजे तक 27.41% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। शाम तीन बजे तक मतदान होगा। आज 6 जिलों चतरा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू एवं गढ़वा के  13 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 11 बजे तक चतरा -29.32%, गुमला-30.46%, विशुनपुर-29.51%, लोहरदगा-21.27%, मनिका-22.17%, लातेहार-27.00%, डालटनगंज-27.90%, पांकी-26.50%, विश्रामपुर-27.20%, छतरपुर-28.20%, हुसैनाबाद-26.60%, गढ़वा- 27.40% और भवनाथपुर में 30.38% मतदाताओं  ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है।

11:30 AM :  गढ़वा में दिन चढ़ने के साथ-साथ मतदान में आई तेजी :  भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के दो विधानसभा क्षेत्र गढ़वा एवं भवनाथपुर में वोटिंग जारी है। पहले घंटे में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही। सुबह के 9 बजे तक गढ़वा में 11 प्रतिशित तो भवनाथपुर में महज 10 फीसद ही वोट डाले गए थे। जबकि 11 बजे तक गढ़वा में 27.40 तो भवनाथपुर विस में 30.38 प्रतिशत वोटिंग हुई है। मतदान को लेकर महिला-पुरुष मतदाओं के साथ-साथ युवा, दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वोलेंटियर की व्यवस्था की गई है। भवनाथपुर में मतदान केंद्र संख्या 128 उच्च विद्यालय घाघरा में ईवीएम मशीन को मतदान केंद्र में रखे जाने के स्थान को लेकर विभिन्न प्रत्याशियों के चुनाव एजेंट के बीच उत्पन्न विवाद के कारण यहां आधा घंटा देर से मतदान शुरू हुआ।

11:25 AM :  डालटनगंज विस के कोशियार बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी पर हमला : डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कोशियार बूथ पर शनिवार को भाजपा प्रत्याशी समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी पूव मंत्री केएन त्रिपाठी के वाहन पर पत्थरबाजी की। इससे एक वाहन के शीशे टूट गए। सभी बाल-बाल बच गए। त्रिपाठी को बूथ पर जाने से रोका गया। दोनों तरफ से गाली-गलौज हुई। बूथों पर तैनात पुलिस बल व त्रिपाठी के अंगरक्षक ने बीचबचाव कर वहां से त्रिपाठी को रवाना किया।

11:20 AM : 11 बजे तक सभी 13 सीटों पर 27 प्रतिशत मतदान : पांच चरणों में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर वोटिंग जारी है। हर बूथ पर वोटरों की लंबी कतारों के बीच 11 बजे तक करीब 25 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

  • चतरा : 29.33
  • गुमला : 30.46
  • बिशुनपुर : 29.51
  • लोहरदगा : 21.27
  • पांकी : 26.5
  • डालटनगंज : 27.9
  • हुसैनाबाद : 26.6
  • विश्रामपुर : 27.2
  • छतरपुर : 28.2
  • मनिका : 22.17
  • लातेहार : 27.00
  • गढ़वा : 27.4
  • भवनाथपुर : 30 38

11:10 AM : चतरा में 11:00 बजे तक 29.32 प्रतिशत हुआ है मतदान। लोहरदगा में पूर्वाहन  9 बजे तक-11.68% और पूर्वाहन 11 बजे तक-21.27% मतदान हुआ है। गढ़वा में 27.40 और भवनाथपुर में 30.38 फीसद मतदान हुआ है।

11:00 AM : पलामू के भाजपा प्रत्‍याशी आलोक चौरसिया ने बूथ लूट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्‍याशी ने सुरक्षा व्‍यवस्‍था को धता बताते हुए सरेआम पिस्‍तौल लहराया है। त्रिपाठी लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। भाजपा प्रत्‍याशी ने लोगों को पिस्‍तौल दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया है।

10:30 AM : झारखंड के पलामू में कांग्रेस-भाजपा समर्थकों में झड़प की सूचना है। यहां कांग्रेस प्रत्‍याशी केएन त्रिपाठी पर हमले की बात कही जा रही है। बताया गया कि कांग्रेस प्रत्‍याशी को बूथ पर जाने से रोकने के दौरान हंगामा हो गया है। इस बीच कांग्रेस उम्‍मीदवार को हाथ में पिस्‍तौल लहराते हुए तस्‍वीरें भी वायरल हो रही है। इस बीच कांग्रेस प्रत्‍याशी ने बूथ लूटे जाने का आरोप लगाया है।

10:10 AM : झारखंड के गुमला ने नक्‍सलियों ने एक पुल को विस्‍फोट कर उड़ा दिया है। घाघरा में पुल उड़ाने के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यहां चप्‍पे-चप्‍पे में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। जंगली इलाकों में सघन चेकिंग की जा रही है। इससे पहले देर शाम सरायकेला में पुलिस नक्‍सली मुठभेड़ में एक नक्‍सली को मार गिराया गया था।

10:05 AM : झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में वोटिंग जारी है। राज्‍य चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजकर 22 मिनट तक यहां करीब 12 फीसद मतदान हुआ है। सबसे अधिक वोटिंग उग्रवाद-नक्‍सल प्रभावित मनिका विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई है। यहां 9 बजे तक सर्वाधिक 14 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

9:55 AM : झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मतदाताओं के नाम संदेश लिखकर सबसे बढ़-चढ़कर वोट करने की अपील की। ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- आज 13 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। मेरा जनता से अनुरोध है कि अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए अपने घर से निकले और झारखंड की हक की लड़ाई और आधुनिक झारखंड के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए अपने मतदान करें।

9:45 AM : पलामू में वोटिंग जारी है। मतदान केंद्र पर लंबी कतारें लगी हैं। दिव्यांग हों, वृद्ध हों, युवा हों या महिलाएं, सभी मतदान केंद्र पहुंचे हैं। यहां लंबी कतारों में लगकर लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

9:35 AM : लोहरदगा में बेटा हर्षित साहू के साथ राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आजसू प्रत्याशी नीरू शांति भगत ने अपना वोट डाला। गुमला में बूथ संख्‍या 218 पर इवीएम मशीन की खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई है। 

9:30 AM : लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह है। सूरज निकलने के साथ ही सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं की कतार लग गई थी। इनमें महिला, युवा और वृद्धों की संख्या भी काफी अधिक थी। ठंड के बावजूद लोग सबसे पहले वोट देने को लेकर मतदान केंद्रों में पहुंच चुके थे। केंद्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

9:20 AM : नक्सलियों के गढ़ में जमकर वोट डाले जा रहे हैं। सभी 13 सीटों पर सुबह नौ बजे तक 11.02 फीसद मतदान हुआ है। सबसे अधिक नक्सल प्रभावित मनिका में 13.62 फीसद वोट पड़े हैं।

9:15 AM : डाल्‍टेनगंज में नौ बजे सुबह तक 10.7 फीसद मतदान हुआ है। छतरपुर में 10.8, विश्रामपुर में 9.7 फीसद मतदान हुआ है। लोहरदगा में 11.68 फीसद मतदान हुआ है। चतरा विधानसभा में सुबह नौ बजे तक 11.56 प्रतिशत मतदान हुआ है। गुमला में 12.70 फीसद, बिशुनपुर में 11.12 फीसद, पांकी में 9.2 फीसद, हुसैनाबाद : 9.7, विश्रामपुर में 9.5, गढ़वा में 11 फीसद, भवनाथपुर में 10 फीसद मतदान हुआ है।

9:10 AM : पलामू के शाहपुर किला के सामने रिक्‍शा चालक विजय बताते हैं कि वह अपने साथियों का इंतजार कर रहे हैं। आज यहां के 40 रिक्शा में से एक भी नहीं सड़क पर नहीं निकलेगा। सभी मतदान के बाद इत्मिनान से आराम करेंगे।

9:05 AM : लातेहार जिले में नौ बजे तक कुल 13. 25 प्रतिशत मतदान हुआ है। लातेहार में 12.89 फीसद और मनिका में 13.62 प्रतिशत मतदान हुआ है।

9:00 AM : मतदान के बीच गुमला के घाघरा में माओवादियों ने कठठोकवा पुल को उड़ा दिया है।

8:50 AM : सभी 13 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया में तेजी आई है। पांकी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने बूथ नंबर 176, उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोईरीपतरा में मतदान किया।

8:45 AM : गुमला के बूथ संख्‍या 218 पर मतदान बाधित है। ईवीएम की खराबी के कारण यहां वोट नहीं डाला जा रहा है। यहां मतदान केंद्र पर बड़ी संख्‍या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे हैं। चुनावकर्मी मशीन को ठीक करने में लगे हैं।

8:45 AM : पलामू के पांकी विधानसभा क्षेत्र के लेस्लीगंज प्रखंड बूथ नंबर 132 उत्क्रमित मध्य विद्यालय कठौंधा में देर से शुरू हुआ मतदान। ईवीएम में 57 वोट पूर्व से ही दिख रहा था। जिसे क्लियर करने में विलंब हुआ। यहां 8:11 बजे मतदान शुरू हो गया। बूथ नंबर 106 गोराडीह खास मशीन खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका है मशीन बदलने की प्रक्रिया की जा रही है। लातेहार में भी बूथ नंबर 195 पर इवीएम बदलकर मतदान शुरू करा दिया गया है।

8:40 AM :  तरहसी प्रखंड के बूथ नंबर 53, 79 एवं 81 में मशीन खराब। बूथ नंबर 53 एवं 79 में कंपलीट सेट बदला गया। जबकि बूथ नंबर 81 का सिर्फ वीवीपैट मशीन बदला गया। मशीन खराब होने के कारण इन तीनों बूथ पर विलंब से शुरू हुआ मतदान।  बूथ नंबर 106 गोराडीह खास का मशीन बदला गया शुरू हुआ मतदान

8:35 AM : लातेहार के् जंगल में माओवादियों ने रात में और आज सुबह लैंड माइंस विस्फोट किया है। बावजूद यहां मतदान केंद्रों पर सुबह से ही वोटर बड़ी तादाद में वोट देने पहुंचे हैं। चतरा विधानसभा क्षेत्र बूथ संख्या संख्या 45 ,49 एवं 50 आदर्श मध्य विद्यालय पांडेयपुरा खूर्द, में मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं।

8:25 AM : विश्रामपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने यहां अपना वोट डाला है। यहां बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं। लोहरदगा में मतदान केंद्रों पर अब भीड़ बढ़ रही है। वोटर कुछ बूथों पर धीमी गति से मतदान की शिकायत कर रहे हैं।

8:20 AM : पांकी विधानसभा के  बूथ नंबर 106 गोराडीह खास मशीन खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका है ।मशीन बदलने की प्रक्रिया की जा रही है। बूथ नंबर 132 उत्क्रमित मध्य विद्यालय कठौंधा में देर से शुरू हुई मतदान। ईवीएम में 57 वोट पूर्व से ही दिख रहा था। जिसे क्लियर करने में हुई विलंब। 8:11 पर शुरू हुआ मतदान।बूथ नंबर 106 गोराडीह खास का मशीन बदला गया, शुरू हुआ मतदान।

8:10 AM : हुसैनाबाद के बूथ संख्या 35 मोहम्मदगंज स्तरोन्नत उच्च विद्यालय अबतक मतदान शुरू नही। बूथ नम्बर 24 स्तरोन्नत उच्च विद्यालय सोनबरसा का मशीन भी मॉक पोल के बाद हुआ खराब।  बूथ संख्या 31 गोराडीह तकनीकी खराबी के कारण शुरू नहीं हुआ। तकनीकी खामियां के चलते यहां वोटिंग नहीं हो पा रही है।

7:50 AM : लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छत्तरपुर, हुसैनाबाद, तथा भवनाथपुर में वोट डालने के लिए बड़ी संख्‍या में महिलाएं घरों से निकल रही हैं। यहां बूथों पर लंबी कतारें लगी हैं। पहले चरण में 13 सीटों पर वोटिंग हो रही है। हुसैनाबाद में बूथ संख्‍या 97 पर वोटिंग फिर से शुरू हो गई है। यहां इवीएम की खराबी के चलते वोटिंग शुरू नहीं हो पाई थी।

7:40 AM : मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने पहले चरण की जिन 13 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, वहां के मतदाताओं से बड़ी संख्‍या में मतदान की अपील की हैसीएम ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा-मतदान कर रिकॉर्ड बनाएं। आपका एक-एक वोट झारखंड को समृद्ध बनाएगा।

7:30 AM : पलामू के हुसैनाबाद में बूथ संख्‍या 97 इवीएम की खराबी की जानकारी मिली है। पर जिसे ठीक करने में चुनावकर्मी जुटे हैं।

7:20 AM : लातेहार में एक बूथ 195 पर इवीएम खराब होने की सूचना है। यहां बूथ पर बड़ी संख्‍या में मतदाता वोट देने पहुंचे हैं।

7:10 AM : गढ़वा, लोहरदगा, चतरा, गुमला, बिशुनपुर, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छत्तरपुर, हुसैनाबाद, तथा भवनाथपुर में वोट डाले जा रहे हैं। यहां मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्‍या में वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे हैं।

7:00 AM : मॉक पोल के साथ ही झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाने के लिए वोटरों में उत्‍साह देखा जा रहा है। मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्‍या में महिलाएं वोट देने पहुंची हैं।

घोर नक्सल प्रभावित इन विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। बूथों की हेलीकॉप्टर से निगहबानी की रही है। इस दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए रांची एयरपोर्ट पर एक एयर एंबुलेंस भी तैनात किया गया है। हाल ही में हुई नक्सली घटनाओं के बाद यहां की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है।

इन क्षेत्रों में नक्सल समस्या का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि निर्वाचन आयोग ने कुल 4,892 मतदान केंद्रों में 1,343 मतदान केंद्रों को नक्सलियों के लिहाज से अति संवेदनशील और 588 को संवेदनशील श्रेणी में रखा है। गैर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी 417 मतदान केंद्र अति संवेदनशील तथा 1,814 संवेदनशील हैं। सभी बूथों पर वीवीपैट की व्यवस्था रहेगी, जिससे मतदाताओं को पता चल सकेगा कि जिसे उन्होंने वोट दिया उसे पड़ा या नहीं।

127 बूथ अंतिम समय में बदले गए

सुरक्षा के दृष्टिकोण से अंतिम समय में 127 मतदान केंद्रों की जगह बदली गई। चतरा विधानसभा क्षेत्र में सात, गुमला में 15, बिशुनपुर में 30, लोहरदगा में 02, मनिका में 49, लातेहार में 13, डालटनगंज में पांच तथा गढ़वा में छह मतदान केंद्र बदले गए। 

बूथों पर सुरक्षित पहुंचे मतदान कर्मी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि सभी बूथों पर मतदान कर्मी सुरक्षित पहुंच गए हैं। 1,269 मतदान कर्मी गुरुवार को ही पहुंचा दिए गए थे। वहीं 40 पोलिंग पार्टियों को कल रवाना किए जाने के बाद बीच में ही रोक दिया गया था। ये पोलिंग पार्टिंयां भी समय पर पहुंच गई हैं। सुरक्षा कारणों से 203 मतदान केंद्रों पर निर्वाचन कर्मियों को हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया। मौके पर राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी एमएल मीणा, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कृपा नंद झा व शैलेश कुमार चौरसिया भी उपस्थित थे। 

गढ़वा: श्री बंशीधर नगर के बूथ संख्या 268 पर मॉक पोल कराते मतदानकर्मी।

सरकारी कार्यालयों, प्रतिष्ठानों में छुट्टी

मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहेगा। श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग ने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में स्थित सभी कारखानों और प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कामगारों के लिए सवैतनिक अवकाश घोषित किया है। 

इन विधानसभा क्षेत्रों में हो रहा मतदान

जिला   सीट

  1. चतरा : चतरा
  2. गुमला :  गुमला, बिशुनपुर
  3. लोहरदगा : लोहरदगा
  4. लातेहार : मनिका, लातेहार
  5. पलामू : पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छत्तरपुर, हुसैनाबाद
  6. गढ़वा : गढ़वा तथा भवनाथपुर।

कहां कितने प्रत्याशी

सीट  कुल प्रत्याशी  महिला प्रत्याशी 

  1. चतरा  09  00 
  2. गुमला 12  01
  3. बिशुनपुर  12  03
  4. लोहरदगा 11  01
  5. मनिका  10  00
  6. लातेहार  11 00
  7. पांकी  15 01
  8. डालटनगंज 15 01
  9. विश्रामपुर  19  01
  10. छत्तरपुर 12  03
  11. हुसैनाबाद 19  00
  12. गढ़वा 16  00
  13. भवनाथपुर  28  04

कुल  189  15

मतदाता भयमुक्त और निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मतदान केंद्रों में उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो, इसे लेकर कई इंतजाम किए गए हैं। पूरी तरह शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। विनय कुमार चौबे, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड। 

खास बातें

  • 37 लाख मतदाता तय कर रहे 189 प्रत्याशियों का भविष्य
  • कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से मतदान शुरू
  • हेलीकॉप्टर से हो रही निगहबानी, एयर एंबुलेंस भी तैनात
  • 4,892 बूथों पर डाले जा रहे वोट, 4,585 बूथ ग्रामीण क्षेत्रों में
  • सभी बूथों पर सुरक्षित पहुंचे मतदान कर्मी, 203 बूथों पर हेली ड्रॉपिंग
  • सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट का हो रहा इस्तेमाल

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.