Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा का 'ओम' मंत्र- 'लाभुक से नाता जोड़ो, चुनाव जीतो'

Jharkhand Assembly Election 2019. झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Tue, 10 Sep 2019 02:27 PM (IST)Updated: Tue, 10 Sep 2019 09:05 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा का 'ओम' मंत्र- 'लाभुक से नाता जोड़ो, चुनाव जीतो'
Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा का 'ओम' मंत्र- 'लाभुक से नाता जोड़ो, चुनाव जीतो'
रांची, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को और तीव्र कर दिया है। मंगलवार को पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने इसके लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं को मंत्र भी दिया- 'लाभुकों से नाता जोड़ो, चुनाव जीतो।' कार्यकर्ताओं और नेताओं को केंद्र और राज्य की तमाम योजनाओं के लाभुकों से सीधा संपर्क बनाने का निर्देश दिया गया। इस दौरान कई कार्यक्रमों को भी अंतिम स्वरूप दिया गया। इस बीच 513 मंडलों में 'घर-घर रघुवर' कार्यक्रम की भी शुरुआत हो गई है। मंगलवार को हुई बैठकों में झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी नंदकिशोर यादव, मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा व संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद थे।

मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रबंधन और विधानसभा कोर कमेटी के संयोजकों की बैठक में चुनावी तैयारियों को और पुख्ता किया गया। पार्टी के प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर कई लोक कल्याणकारी कार्य किए हैं फिर हम ढोल बजाने से क्यों बचें। हमें सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने की आवश्यकता है। हमारी नीतियों और कार्यक्रमों को जनता का अपार समर्थन प्राप्त है। हमारे पास सर्वमान्य विश्व प्रसिद्ध नेता नरेंद्र मोदी हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी की भूमिका में घर-घर संपर्क करें। 
विधानसभा सह प्रभारी नंदकिशोर यादव ने कहा कि चुनाव अवसर भी है और चुनौती भी। हमें परिश्रम से चुनौतियों पर विजय प्राप्त करना है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि  केंद्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 65 प्लस का संकल्प दिलाया था जिसे हम सभी को अपने प्रयासों से पूर्ण करना है। जनता से लगातार संपर्क बढ़ाने की आवश्यकता है। लोकसभा चुनाव में परिश्रम का परिणाम हम सभी ने देखा है। हमें दिसंबर तक चैन से नहीं बैठना है। पार्टी ने जो रोड मैप और कार्यक्रम निर्धारित किए हैं उसके आधार पर मंजिल दूर नहीं है। केवल हमें ईमानदारी और निष्ठा से काम करना है।

दास ने कहा कि कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसके पास सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचा है। यह सरकार कथनी की नहीं करनी की सरकार है। योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई भेदभाव नहीं हुआ है। घर-घर लाभ पहुंचा है। बैठक में अध्यक्षीय भाषण लक्ष्मण गिलुवा ने दिया जबकि संचालन दीपक प्रकाश का रहा। बैठक में समीर उरांव, सत्येंद्र तिवारी, सुबोध कुमार सिंह, नवीन जायसवाल, महेश पोद्दार, संजय सेठ, बीडी राम, जयंत सिन्हा, नीलकंठ सिंह मुंडा, रवींद्र राय, सरयू राय, सीपी सिंह, नीरा यादव, राज पालीवार, अमर बाउरी, लुइस मरांडी, अशोक भगत, अमित मंडल, राज सिन्हा, शेखर अग्रवाल, राधाकृष्ण किशोर व ढुलु महतो आदि मौजूद थे।
15 से जामताड़ा से जन आशीर्वाद योजना की शुरुआत, देवघर में समापन
भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा 15 सितंबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर तक चलेगी। यह जानकारी प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने प्रदेश कार्यालय में बैठक के बाद दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास 15 सितंबर को जामताड़ा से जन आशीर्वाद योजना का शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा 25 सितंबर तक संताल क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्र में घूमते हुए संपन्न होगी। इसका समापन देवघर में होगा।
इसके बाद अन्य प्रमंडलों के लिए कार्यक्रम तय होंगे। वर्मा ने बताया कि घर-घर रघुवर जन संपर्क अभियान का शुभारंभ हो चुका है। सभी 513 मंडलों में अभियान की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री के संदेश के साथ कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में रांची और आसपास के जिले के लोग रांची पहुंचेंगे जबकि साहिबगंज में बंदरगाह उद्घाटन के अवसर पर हजारों लोग उन्हें लाइव सुनेंगे।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.