Jharkhand Election Result 2019: सीएम रघुवर दास के बाद अब स्पीकर दिनेश उरांव ने दिया इस्तीफा
Jharkhand Election Result 2019 विधानसभा चुनाव में हार के बाद झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष दिनेश उरांव ने मंगलवार को अपना इस्तीफा उपाध्यक्ष को भेजा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Election Result 2019 झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने उपाध्यक्ष को इस्तीफा सौंपते हुए लिखा कि 24 दिसंबर से मैं अपने पद का त्याग कर रहा हूं। इस बार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सिसई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे दिनेश उरांव चुनाव हार गए हैं। इससे पहले बीते दिन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। रघुवर दास इस बार विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर पूर्वी सीट से भाजपा के उम्मीदवार थे। जहां भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय ने करीब 17 हजार वोटों से उन्हें हराया।
विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने इस्तीफा
झारखंड में सियासी उलटफेर के बाद इस्तीफों का सिलसिला तेज हो गया है। इस कड़ी में विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दिनेश उरांव सिसई विधानसभा क्षेत्र से बुरी तरह पराजित हुए थे। उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी ने पराजित किया। इससे पहले सोमवार की शाम भाजपा की पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए रघुवर दास ने अपने पद से इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा था। रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव हार चुके हैैं। उन्हें भाजपा के बागी सरयू राय ने परास्त करने में कामयाबी पाई।