Move to Jagran APP

BJP Election Manifesto: पिछड़ों-महिलाओं का बढ़ेगा आरक्षण, लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा Jharkhand Election 2019

Jharkhand Assembly Election 2019. भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र। जनजातीय युवा महिलाओं व किसानों के विकास का संकल्प।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Wed, 27 Nov 2019 08:17 PM (IST)Updated: Wed, 27 Nov 2019 09:49 PM (IST)
BJP Election Manifesto: पिछड़ों-महिलाओं का बढ़ेगा आरक्षण, लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा Jharkhand Election 2019

रांची, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी वादों के अधिकृत दस्तावेज (घोषणापत्र) में हर वर्ग, हर तबके को लुभाने की कोशिश की है। झारखंड की समृद्धि का संकल्प नाम ने जारी पार्टी के घोषणापत्र में किसानों, जनजातीय समाज, युवाओं, महिलाओं व गरीबों को तरजीह दी गई है। वहीं, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, औद्योगिक व आधारभूत संरचना के तीव्र विकास का वादा भी किया गया है।

loksabha election banner

संकल्प पत्र में पिछड़ों और महिलाओं का आरक्षण प्रतिशत बढ़ाने के साथ-साथ बालिकाओं को केजी से पीजी तक नि:शुल्क शिक्षा देने की बात भाजपा ने की है। इतना ही नहीं, बीपीएल परिवार के एक व्यक्ति को रोजगार-स्वरोजगार उपलब्ध कराने का वादा भी किया गया है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री रविशंकर, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा समेत भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं ने पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले दिनों लोहरदगा की जनसभा में पिछड़े समाज का आरक्षण बढ़ाने की बात कही थी। शाह के वादे को पार्टी ने अपने संकल्प पत्र मेें प्रमुखता दी है। वादा किया है कि गहन सर्वेक्षण करा कर छह माह के भीतर संविधान के दायरे में उन्हें सरकारी और शिक्षण संस्थाओं में आरक्षण दिया जाएगा। मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसे और स्पष्ट करते हुए सरकार गठन के तीन माह के भीतर इसे लागू करने की बात कही।

भाजपा ने पिछड़ा वर्ग के साथ-साथ महिलाओं को भी सरकारी सेवाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की बात कर आधी आबादी को साधने की कोशिश की है। जनजातीय विकास का संकल्प भी दोहराते हुए वर्ष 2022 तक 70 नए एकलव्य विद्यालयों का के निर्माण के साथ-साथ सभी जनजातीय विद्यार्थियों के लिए छात्रावास के निर्माण का वादा किया है।

किसानों को तीन लाख तक सस्ते ब्याज दर पर ऋण प्रदान करने और फसल की पूर्ण सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री पूर्ण कृषि बीमा योजना की शुरुआत करने की बात भी भाजपा ने कही गई है। झारखंड को नक्सल मुक्त प्रदेश बनाने के वादे के साथ-साथ घुसपैठ की समस्या के समाधान के लिए असम की तर्ज पर राज्य में एनआरसी लागू करने की बात भी भाजपा ने कही है। शक्तिस्वरूपा महिला बटालियन और सभी जिलों में एंटी ट्रैफिकिंग पुलिस यूनिट की स्थापना भी की जाएगी।

सरकारी स्कूलों के लिए 1000 करोड़ का विशेष कोष

भाजपा ने सरकारी स्कूल और कालेजों के लिए 1000 करोड़ का कोष बनाकर इन्हें आधुनिक बनाने की बात कही है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्री मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 2200 और 7500 दिए जाएंगे। झारखंड मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना भी शुरू की जाएगी।

अटल कैंसर अस्पताल शुरू होंगे

भाजपा ने 100 नई 108 सेवा शुरू करने, सभी शहरों में अटल मोहल्ला क्लीनिक की संख्या दोगुनी करने और राज्य के सभी प्रमंडलों के प्रमुख अस्पताल में आधुनिक अटल कैंसर उपचार केंद्र स्थापित करने का वादा भी किया है। सस्ती दवाओं की उपलब्धता के लिए मिनी जन औषधि स्टोर शुरू किए जाएंगे।

5000 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री रोड कायाकल्प मिशन होगा शुरू, बिजली मीटर शुल्क होगा माफ 

भाजपा ने आधारभूत संरचना के विकास पर जोर दिया है। पार्टी ने वर्ष 2024 तक 22000 किमी नई सड़कें, 150 पुल बनाने के साथ-साथ सभी जिलों को एक दूसरे से जोडऩे के लिए आठ लेन झारखंड माला राजमार्ग का निर्माण करने की बात कही है।

5000 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री रोड कायाकल्प मिशन शुरू करने का भी वादा किया गया है। हर घर में बिजली की आपूर्ति और घरेलू मीटर के लिए स्थापना शुल्क माफ करने की बात भी कही है। हर घर को शुद्ध पेयजल की सुविधा और 2022 तक हर गरीब को अपना घर की सौगात देने का वादा भी किया है।

सहिया, आंगनबाड़ी कर्मियों व पारा शिक्षकों की मांगों पर होगा विचार

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सहिया और आंगनबाड़ी कर्मियों की मांगों की समीक्षा के लिए एक समिति बनाकर तीन माह के भीतर कार्रवाई की बात कही है। भाजपा ने पारा शिक्षकों के संबंध में नियमावली पर आम सुझाव प्राप्त कर शीघ्र नियोजन की प्रक्रिया शुरू करने का वादा भी किया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.