Jharkhand Assembly Election 2019: यात्रा के बहाने संताल में दावेदारों की भी नब्ज टटोल रहे रघुवर
Jharkhand Assembly Election 2019. मुख्यमंत्री रघुवर दास जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से भाजपा के वर्तमान विधायकों के साथ-साथ संभावित दावेदारों की ताकत की भी पैमाइश कर रहे हैं।
रांची, [आनंद मिश्र]। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड विधानसभा चुनाव से पूर्व संताल परगना में मुख्यमंत्री रघुवर दास की जोहार जन आशीर्वाद यात्रा खासा चर्चा में हैं। सीएम जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से सिर्फ संताल की जनता का आशीर्वाद ही नहीं ले रहे, वे पार्टी की चुनाव पूर्व तैयारियों का जायजा भी ले रहे हैं। इस यात्रा के बहाने वे प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के वर्तमान विधायकों और संभावित दावेदारों की ताकत को भी तोल रहे हैं।
स्पष्ट है चुनाव से पूर्व सीएम खुद संताल की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। ये यात्रा संताल में पार्टी के टिकट के दावेदारों की जमीनी हकीकत से भी परिचित करा रही है। भाजपा के लिए संताल कितना अहम है इसका अंदाज इस बात से लग जाता है कि जोहार जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत पार्टी ने इसी प्रमंडल से की है। मुख्यमंत्री पिछले पांच दिनों से संताल में कैंप कर प्रत्येक विधानसभा का रुख कर रहे हैं। जनता के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से भी संवाद कर संताल में भाजपा का फीडबैक ले रहे हैं।
भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए 65 प्लस के लक्ष्य के साथ-साथ संताल परगना के लिए 15 प्लस का लक्ष्य निर्धारित किया है। यहां पार्टी के वर्तमान विधायकों की संख्या आठ है। लक्ष्य हासिल तभी होगा जब प्रत्याशी दमदार होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह विधानसभा चुनाव के प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने भी स्पष्ट कर दिया है कि जीत ही टिकट का मानक होगा। जाहिर भाजपा इस बार प्रत्याशियों का चयन ठोक बजाकर करेगी। सीएम संताल के बाद कोल्हान व अन्य प्रमंडलों का रुख करेंगे।