Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा का दावा, ST के लिए रिजर्व 28 सीट में से 22 प्लस सीटें जीतेगी पार्टी
Jharkhand Assembly Election 2019. भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि जनजाति मोर्चा ग्राम बैठक के माध्यम से आदिवासियों के बीच सरकार के कामों को बताएगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - विधानसभा चुनाव में 65 प्लस का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा ने दावा किया है कि झारखंड में 28 जनजातीय समुदाय के लिए रिजर्व सीटों में से पार्टी 22 से अधिक सीटों पर काबिज होगी। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित भाजपा एसटी मोर्चा की बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सरकार के कामकाज को आधार बना यह दावा किया। बैठक में भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार पाहन, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष-महामंत्री, विधानसभा प्रभारी उपस्थित थे।
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि जनजाति मोर्चा के प्रयास से आदिवासी समाज का झुकाव भाजपा की ओर तेजी से बढ़ा है। इसी का परिणाम है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी का शानदार प्रदर्शन रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनजाति मोर्चा के बल पर ही 28 जनजाति सीट में से 22 से अधिक सीटें भाजपा जीतेगी। धर्मपाल सिंह ने कहा कि विपक्षी दल लगातार जनजाति समाज के बीच जाकर सरकार के खिलाफ झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं।
इस झूठ को बेनकाब करने के लिए मोर्चा की अहम जिम्मेवारी है कि वे गांव-गांव जाकर आदिवासी समाज के बीच जाकर विपक्ष के झूठ को बेनकाब करने का काम करे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक राम कुमार पाहन ने कहा कि पूरे प्रदेश में सभी विधानसभा के आदिवासी बहुल सुदूर तीन-तीन मंडलों के तीन-तीन पंचायतों के गांव में ग्राम बैठक के माध्यम से आदिवासी समाज के बीच जाकर केंद्र व राज्य सरकार के द्वारा चलाए जा रही योजनाओं को बताएंगे साथ ही विपक्षी दलों के विकास विरोधी नीति के बारे पर्दाफाश करेगी।
ग्राम बैठक गुुरुवार से पूरे प्रदेश के गांवों में शुरू होगी। बैठक में अशोक बड़ाईक, पुत्कर हेम्ब्रम, बिंदेश्वर उरांव, अशेष बारला, लखन मार्डी, अनु लकड़ा, रीता मुंडा, रूप लक्ष्मी मुंडा, दिलीप हेम्ब्रम, बिशु टुडू, दानिएल किस्कु, रवि मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे।