Jharkhand Elections 2019: ओम माथुर की सीधी बात- भाजपा ने बंद नहीं किए दरवाजे; आजसू का अड़ियल रुख बरकरार
Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा-आजसू के बीच गठबंधन की संभावना लगभग खत्म हो गई है। शुक्रवार को आजसू की ओर से प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की जा रही है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा और आजसू के बीच गठबंधन की स्थिति को लेकर स्थिति जस की तस बनी हुई है। गठबंधन की संभावना लगभग क्षीण हो जाने के बावजूद दोनों ही दल इसके टूटने का ठीकरा अपने सिर लेने को तैयार नहीं हैं। भाजपा ने एनडीए गठबंधन को लेकर अभी विकल्प खुले रखे हैं। वहीं आजसू भी कदम पीछे खींचती नहीं दिखती, लेकिन सीटों को लेकर वह समझौते के मूड में नहीं है।
गुरुवार को भाजपा ने 15 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की। 12 सीटों को अब भी उसने होल्ड पर रखा है।
माना जा रहा है कि इनमें नौ सीटें आजसू के लिए फिलहाल रिजर्व रखी गई हैं। इधर, आजसू 17 सीटों पर अड़ी हुई है, अब तक घोषित 13 सीटों को उसने 'लॉक' बताया है। भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने दिल्ली में कहा कि हमारी पार्टी ने अभी चैप्टर खुला रखा है। आजसू के लिए हमने नौ सीटें छोड़ रखीं हैं, लोहरदगा पर फ्रेंडली फाइट का विकल्प भी खुला है। यह उन्हें देखना है कि उन्हें किस तरह से आगे बढ़ना है।
चंदनकियारी पर आजसू के दावे पर भी पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके कहने से क्या होता है। वो तो हमारे प्रदेश अध्यक्ष की सीट पर भी कह रहे हैं, वे 81 सीट पर भी कह सकते हैं। सुदेश महतो के कॉमन मिनिमम प्रोग्राम स्थिति साफ करते हुए कहा कि कॉमन मिनिमम प्रोग्राम सरकार बनने के बाद बनता है। पहले कॉमन एजेंडा बनता है। हमने उनसे कह दिया था कि हमारा घोषणापत्र बन रहा है आपको भी चार बातें जोड़नी हो तो जोड़ देंगे। कुछ सीटें उन्होंने लिखकर दी, लेकिन हमने बता दिया कि हम इससे आगे नहीं बढ़ सकते।
इधर, आजसू प्रमुख सुदेश महतो 17 सीटों की दावेदारी और कॉमन एजेंडा की बात से पीछे हटते नहीं दिखते। सुदेश ने स्पष्ट कहा कि जिन 13 सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, उससे पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे भाजपा के जवाब का इंतजार अब भी कर रहे हैं। इस बीच भाजपा की तीसरी सूची जारी होने के साथ ही शुक्रवार को आजसू ने अपनी दूसरी सूची जारी करने की घोषणा भी कर दी।
भाजपा को अब भी 65 पार का भरोसा
आजसू से रिश्ते टूट की कगार पर पहुंच जाने के बाद भी भाजपा अपने 65 पार के दावे से डिग नहीं रही है। ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि हम चुनाव में विकास का मुद्दा लेकर जाएंगे और 65 पार लाएंगे। इधर, रांची में मीडिया से बातचीत में भी मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी 65 पार की बात कही।