Jharkhand Assembly Election 2019: झारखंड में ट्रैक्टर पर चढ़कर वोट मांगेंगे नीतीश कुमार, तीर हुआ बेगाना
झामुमो की शिकायत पर जदयू का तीर सिंबल झारखंड में प्रतिबंधित हो गया है। अब भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड में चुनाव लड़ने के लिए पार्टी को ट्रैक्टर चलाता किसान चिह्न आवंटित किया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को नया चुनाव चिह्न आवंटित किया है। पार्टी को झारखंड के लिए टै्रक्टर चलाता किसान चुनाव चिह्न मिला है। राज्य में विधानसभा की सभी 81 सीटों पर चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों को यह चुनाव चिह्न मिलेगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू, महासचिव श्रवण कुमार व संजय सहाय ने यह जानकारी दी।
इससे पहले, भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की शिकायत पर जदयू के चुनाव चिह्न तीर पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद पार्टी ने झारखंड के लिए दूसरे सुरक्षित सिंबल प्रदान करने की प्रार्थना आयोग से की थी। बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान झामुमो बिहार में इसलिए चुनाव नहीं लड़ पाया था कि जदयू की शिकायत पर चुनाव आयोग ने झामुमो के सिंबल को वहां प्रतिबंधित कर दिया था।
जदयू ने अपने आवेदन में कहा था कि झामुमो का सिंबल तीर-धनुष और जदयू का सिंबल तीर है। ऐसे में मतदाता भ्रमित हो सकते हैं। इसके बाद झामुमो ने इसी आधार पर झारखंड में जदयू के सिंबल को प्रतिबंधित करने की मांग निर्वाचन आयोग से की थी। इस पर निर्णय लेते हुए चुनाव आयोग ने झारखंड में जदयू के सिंबल तीर को प्रतिबंधित कर दिया था।