Jharkhand Assembly Election 2019: झारखंड चुनाव में 25-30 सीटों पर AAP उम्मीदवार, पहली सूची आज
Jharkhand Assembly Election 2019 पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। कई विधानसभा क्षेत्र में पार्टी मजबूत स्थिति में है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 आम आदमी पार्टी (आप) राज्य में 25 से 30 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए पार्टी के प्रत्याशियों की पहली सूची रविवार को जारी होगी। यह घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार ने शनिवार को रांची के मोरहाबादी स्थित संगम गार्डेन में संवाददाता सम्मेलन में की।
उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। कई विधानसभा क्षेत्र में पार्टी मजबूत स्थिति में है, जिसका बेहतर परिणाम दिखेगा। दिल्ली में पार्टी ने लगभग चार-पांच सालों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी व यातायात के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किया है। जबकि, झारखंड में राज्य गठन के 19 साल बाद भी सभी व्यवस्थाएं बदहाल हैं।
डॉ. अजय कुमार ने कहा कि 2020 व 2023 के निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी होगी और लगभग 60-70 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज करेगी। 2024 के विधानसभा चुनाव को जीतकर अपने दम पर सरकार बनाने की तैयारी पार्टी ने अभी से शुरू कर दी है।
डॉ. अजय कुमार ने रामजन्मभूमि और बाबरी मस्जिद विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और लोगों से इस फैसले का सम्मान करने की अपील की। मौके पर पार्टी के प्रदेश संयोजक जयशंकर चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम कुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष आलोक शरण, प्रदेश सचिव राजन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन पांडेय व परवेज सहजाद आदि उपस्थित थे।