Amit Shah in Jharkhand: अमित शाह की रैली से भाजपा का चुनावी आगाज, लोहरदगा-मनिका में भरेंगे हुंकार Jharkhand Election 2019
Amit Shah in Jharkhand भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा गुरुवार को लोहरदगा और मनिका में भाजपा का दमदार चुनावी आगाज करेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। Amit Shah in Jharkhand भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली से भाजपा झारखंड में अपने चुनाव प्रचार का दमदार आगाज करेगी। शाह गुरुवार को लोहरदगा और मनिका में चुनावी जनसभा करेंगे। शाह की जनसभा के साथ ही भाजपा के स्टार प्रचारकों की टीम चुनाव प्रचार की कमान को अपने हाथ में ले लेगी। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के तमाम शीर्ष नेताओं का झारखंड की ओर रुख होगा। प्रधानमंत्री 25 को पलामू आ रहे हैं।
अमित शाह 12 बजे मनिका और 2 बजे लोहरदगा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर समेत लोहरदगा व गुमला जिले के सभी प्रत्याशी मंच पर उपस्थिति रहेंगे। शाह सिर्फ चुनावी जनसभा को ही संबोधित नहीं करेंगे। बल्कि लोहरदगा, गुमला, लातेहार, मनिका की विधानसभा कोर कमेटी, तीनों जिलों के जिलाध्यक्षों और प्रमुख नेताओं संग बैठक कर चुनाव का फीड बैक लेंगे और मंत्र भी देंगे।
बैठक जनसभा के तत्काल बाद बुलाई गई है। सभी पदाधिकारियों को पार्टी की जमीनी रिपोर्ट के साथ तलब किया गया है। भाजपा अध्यक्ष केंद्रीय टीम के स्तर से हाल ही में कराए गए सर्वे रिपोर्ट पर भी कोर टीम से जवाब-तलब कर सकते हैं।
कांग्रेस-झामुमो निशाने पर रहेगी, आजसू पर तल्ख टिप्पणी से बचेंगे शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह लोहरदगा की चुनावी रैली में कांग्रेस व झामुमो को तो निशाने पर लेंगे लेकिन सहयोगी रही आजसू पर तल्ख टिप्पणी से परहेज कर सकते हैं। एनडीए गठबंधन टूटने के बाद भी भाजपा ने नेताओं ने अब तक आजसू पर कोई तीखी टिप्पणी नहीं की है। वजह साफ है भाजपा चुनाव बाद की रणनीति को भी ध्यान में रखकर चल रही है। पार्टी को पूरी उम्मीद है कि चुनाव के बाद आजसू एनडीए फोल्डर में शामिल होगा ही, भले ही अभी सीटों लेकर मतभेद पैदा हो गए हों।