हिमाचल चुनाव: शहनाई की मधुर धुनों से मतदाताओं का स्वागत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में अाधुनिक मतदान केंद्र स्थापित करके शहनाईवादन के साथ मतदाताओं का स्वागत किया जा रहा है।
जेएनएन, कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में अाधुनिक मतदान केंद्र स्थापित करके शहनाईवादन के साथ मतदाताओं का स्वागत किया गया। कांगड़ा विस क्षेत्र में 75471 मतदाता छह उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला
करेंगे। यहां पर चुनाव अायोग ने 96 बूथो में से दस बूथों को अाधुनिक बूथ बनाया है। इसमें मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए द्वार स्थापित किया गया है। वहीं उनके स्वागत के लिए शहनाई वादक बैठाए गए हैं जो पारंपरिक कांगड़ी गानों की धुनों को अपनी शहनाई के माध्यम से लोगों तक पहुंचा कर उनका
मनोरंजन कर रहे हैं।
कांगड़ा में स्थापित बूथ 16 में इस तरह की व्यवस्था की गई है। इस बूथ में मतदाताओं के साथ अाने वाले बच्चों को बैठाने के लिए एक अलग कमरा स्थापित किया गया है, जहां पर अांगनबाड़ी कार्यकर्ता उनकी मदद कर रही हैं। एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि लोकतंत्र के इस पर्व को मनाने में मतदाताओं को भी अानंद अाए इस लिए मतदाताओं की सुविधा व सहूलियत के लिए 10 अाधुनिक बूथ स्थापित किए गए हैं।