Lok Sabha Election 2019 : शांता बोले, पुत्र मोह तो सुना था पर पौत्र मोह पहली बार देखा
Lok Sabha Election 2019 भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा पुत्र मोह तो सुना था पर पौत्र मोह पहली बार देखा।
नूरपुर, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 जिला कांगड़ा के जसूर स्थित इंडस्ट्रीयल पार्क बदूही में भाजपा की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा प्रसन्नता है कि चुनाव प्रचार में भाजपा बहुत आगे है और कांग्रेस अभी चली भी नहीं है। पुत्र मोह तो सुना था पर पौत्र मोह पहली बार देखा। उनका निशाना अपरोक्ष रूप से मंडी के वरिष्ठ नेता पर था, जो पौत्र को टिकट दिलाने की पैरवी में लगे हैं। उन्होंने कहा भाजपा बेटे-बेटियों की पार्टी नहीं है, यह कार्यकर्ताओं की पार्टी है। नूरपुर में सफल रैली के लिए राकेश पठानिया बधाई के पात्र हैं।
जयराम का नाम देश में दूसरे स्थान पर आया है, वह बधाई के पात्र हैं। मोदी ने भ्रष्टाचार रोका, तभी देश-प्रदेश का विकास हुआ है। दिल्ली में पैसे की कमी नहीं है। पाकिस्तान, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार को मोदी ही रोकेंगे। हमारा एक ही काम मोदी के हाथ मजबूत करें। राष्ट्रीय राजनीति में जाने के लिए किशन कपूर को बधाई। 66 साल बाद चुनाव की राजनीति से हट रहा हूं। मेरी पार्टी विश्व की सबसे पार्टी है, मन आनंदित है पार्टी को इस मुकाम पर देखकर। राजनीति नही छोड रहा हूं पार्टी के लिए काम करता रहूंगा। मुझसे ज्यादा समर्थन कपूर को दें।
कांग्रेस प्रत्याशी तय नहीं कर पा रही : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा शांता कुमार ने पार्टी को घर घर तक पहुंचाया है। किशन कपूर दिल्ली जा रहे हैं, इन्हें आशीर्वाद दें। शांता कुमार चुनाव लडऩे नहीं लड़ाने का मजा ले रहे हैं। बहुत कम ऐसी मिसाल मिलती है। शांता कुमार हमारा मार्गदर्शन करते रहें। नूरपुर में युवाओं में भारी जोश दिखा, विधायक राकेश पठानिया को बधाई। नूरपुर आकर ऊर्जा मिलती है। युवा रहना एक कला है, शांता कुमार इस आयु में भी युवा हैं। भाजपा ने चारों सीटें घोषित कर दी, कांग्रेस ने हमसे पहले पैनल भेजा फिर रोक दिया। कांग्रेस प्रत्याशी ही तय नहीं कर पा रही। कांग्रेसी चुनाव लडऩे से पीछे हट रहे हैं। मोदी के नाम का देशभर में माहौल बना हुआ है। सीएम ने कहा नूरपुर में बदूही में पांच हजार कनाल जमीन पर इंडस्ट्रीयल पार्क बनेगा। इंडस्ट्री आएगी तो नूरपुर में खुशहाली लाएगी। सीएम ने कहा किशन कपूर को समर्थन दें। नूरपुर से सारे रिकॉर्ड टूटने चाहिएं, 15 हजार की बढ़त नूरपुर से मिलनी चाहिए।
केंद्र से योजनाएं लाऊंगा : किशन
पार्टी प्रत्याशी किशन कपूर ने कहा नूरपुर में इंडस्ट्रीयल पार्क राकेश पठानिया के प्रयासों का परिणाम है। सवा साल के सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार ने अभूतपूर्व विकास किया है। आपके द्वार आशीर्वाद मांगने आया हूं, ताकि देश सुरक्षित हाथों में रहे, मैं आपकी सेवा में दिन-रात लगा रहूंगा। केंद्र से इलाके के लिए योजनाओं को लाऊंगा।
भाजपा का दूल्हा आपके सामने : राकेश पठानिया
जसूर के इंडस्ट्रीयल पार्क में भाजपा की सभा में स्थानीय विधायक राकेश पठानिया ने कहा पार्टी का दूल्हा आपके सामने है। कांग्रेस अभी तक दूल्हा तय नहीं कर सकी है। उन्होंने भाजपा का दूल्हा कहकर कांगड़ा से पार्टी प्रत्याशी किशन कपूर का परिचय करवाया। बदूही में इंडस्ट्रीयल पार्क के लिए उन्होंने सीएम जयराम व सांसद शांता कुमार का आभार जताया।