Move to Jagran APP

हिमाचल चुनाव: भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट और कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या है खास

हिमाचल में पिछले तीन दशकों से भाजपा और कांग्रेस ही बारी-बारी से राज करती रही हैं। शिक्षा, युवा एवं रोजगार, महिला सुरक्षा के लिए दोनों पार्टियों ने वादों की झड़ी लगाई है।

By Digpal SinghEdited By: Published: Wed, 01 Nov 2017 02:53 PM (IST)Updated: Thu, 02 Nov 2017 12:55 PM (IST)
हिमाचल चुनाव: भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट और कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या है खास
हिमाचल चुनाव: भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट और कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या है खास

नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को मतदान से पहले मतदाताओं को रिझाने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने घोषणापत्र जारी कर दिए हैं। भाजपा ने जहां 29 अक्टूबर को अपना 'विजन डॉक्यूमेंट' जारी करके वोटरों को लुभाने की कोशिश की, वहीं सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 1 नवंबर को अपने वादों का पिटारा खोला। पिछले तीन दशकों से यही दो पार्टियां बारी-बारी से इस पहाड़ी राज्य में राज करती रही हैं। शिक्षा, युवा एवं रोजगार, महिला सुरक्षा, खेल, वरिष्ठ नागरिक और पूर्व सैनिकों व सरकारी कर्मचारियों के लिए दोनों पार्टियों ने वादों की झड़ी लगाई है। चलिए देखते हैं दोनों पार्टियों ने कैसे-कैसे वादे किए हैं।

loksabha election banner

भ्रष्टाचार के खिलाफ दोनों पार्टियां सख्त

हिमाचल के मौजूदा मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह पर भले ही भ्रष्टाचार के आरोप हों, लेकिन पार्टी ने अपने घोषणापत्र में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का वादा किया है। पार्टी के घोषणापत्र में भ्रष्टाचार को लेकर सख्त कदम उठाने की बात कही गई है। घोषणापत्र में सभी जरूरी सेवाओं को सभी लोगों तक पहुंचाने की बात भी कही गई है। उधर भाजपा ने भी सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है। भाजपा के घोषणापत्र में कहा गया है कि सुशासन हिमाचल का आधार बनेगा। यही नहीं भाजपा ने 2022 तक हर गरीब को छत देने का भी वादा किया है। भाजपा ने अवैध खनन रोकने के लिए ज्वाइंट टास्क फोर्स गठित करने का भी बात कही है। विजन डॉक्यूमेंट में भाजपा ने कहा है कि उसके विधायक सार्वजनिक रूप से अपनी संपत्ति स्वयं घोषित करेंगे।

छात्रों से किए वादे

छात्रों के लिए भाजपा का विजन

भारतीय जनता पार्टी पांच साल बाद एक बार फिर हिमाचल की सत्ता पर काबिज होने के लिए जोरदार कोशिश कर रही है। इसके लिए पार्टी खासतौर पर युवाओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पार्टी ने प्रथम श्रेणी मेधावी कॉलेज छात्र-छात्राओं को लैपटॉप/टैबलेट और हर महीने एक जीबी इंटरनेट डाटा देने का वादा किया है। यही नहीं सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों में वाईफाई सुविधा देने की भी बात भाजपा ने अपने विजन डॉक्यूमेंट में कही है। पार्टी छात्रों के लिए एक विशेष विद्यार्थी क्रेडिट कार्ड योजना भी लाएगी, जिससे विशेष छात्रवृत्ति योजनाओं के साथ ही एजुकेशन लोन को और ज्यादा आसान व सस्ता बनाया जाएगा। सभी स्कूलों में कंप्यूटर और विज्ञान प्रयोगशालाएं अनिवार्य रूप से बनाई जाएंगी।

कांग्रेस के वादे

कांग्रेस ने भी अपने घोषणा पत्र में छात्रों को काफी तवज्जो दी है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि 50 हजार छात्रों को लैपटॉप और 1 जीबी डाटा दिया जाएगा। कांग्रेस ने वादा किया है कि एससी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृति दी जाएगी।

रोजगार के सपने

भाजपा के विजन में युवा विमर्श

जैसा की हम पहले ही बता चुके हैं, भाजपा की नीतियों के केंद्र में युवा हैं। ऐसा ही कुछ उसके विजन डॉक्यूमेंट में भी दिखता है। विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार सभी जिलों में वार्षिक रोजगार मेलों का आयोजना होगा और उद्योगों में भी 80 फीसद नौकरियां हिमाचल के मूल निवासियों को मिलेंगी। ब्लॉक स्तर पर कौशल विकास केंद्र स्थापित होंगे, रोजगार केंद्रों को भी इसी रूप में बदला जाएगा और करियर परामर्श व मार्ग दर्शन सेवाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी। 50 हजार युवाओं को अंग्रेजी बोलने के लिए उन्नत शिक्षकों से ट्रेनिंग दिलायी जाएगी और ग्रामीण बीपीओ स्थापित करने पर आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए छात्रों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी और शिमला, धर्मशाला, हमीरपुर, बीबीएन, चंडीगढ़ में युवाओं के लिए हॉस्टल खोले जाएंगे।

कांग्रेस ने दिखाए रोजगार के सपने

राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वह अगले पांच साल में डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देंगी। पैट, पैरा टीचर और अन्य शिक्षकों को नियमित करने का वादा भी कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस ने राज्य में बेरोजगारी भत्ते को 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 करने का भी वादा किया है। कांग्रेस ने वादा किया है कि अनुबंध कर्मियों को दो साल के बाद पक्का किया जाएगा और डेली वेज़ कर्मियों को तीन साल में अनुबंध पर लाया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती करने के अलावा कांग्रेस ने वर्किंग वुमन के लिए होस्टल बनाने का भी वादा किया है।

महिला सुरक्षा है अहम

भाजपा का विजन

भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार राज्य से सभी जिलों में महिला पुलिस थाने खोले जाएंगे। भाजपा ने एक ऐसा ऐप बनाने की भी बात कही है जिसमें शक्ति बटन दबाते ही यूजर की जियो लोकेशन, नाम और फोन नंबर पुलिस कंट्रोल रूम, नजदीकी पुलिस वैन और पुलिस स्टेशन के पास चला जाएगा। यही नहीं गुड़िया योजना के तहत आपातकालीन गुड़िया हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी। पुलिस की नई भर्तियों में महिलाओं को 33 फीसद स्थान देने के प्रयास किए जाएंगे। महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच में तेजी लाई जाएगी। महिला किसान विधेयक लाने की भी बात भाजपा ने कही है।

महिलाओं को ऐसे रिझा रही कांग्रेस

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि अगर राज्य में एक बार फिर उनकी सरकार बनती है तो विधवा विवाह के लिए सरकार की ओर से दी जाने वाली राशि 50 हज़ार से बढ़ाकर एक लाख कर दी जाएगी। 

वरिष्ठ नागरिकों पर नजर

भाजपा के पिटारे में क्या

भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों के चार धाम यात्रा का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। यही नहीं राज्य के मंदिरों के दर्शन के लिए देवभूमि दर्शन योजना शुरू की जाएगी और निशुल्क बस सेवा भी लॉन्च होगी। वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत लाभार्थी बनाया जाएगा। धर्मशाला, शिमला, मंडी और हमीरपुर में अत्याधुनिक वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र खोले खोलने का भी वादा भाजपा कर रही है। 

बुजुर्गों के लिए कांग्रेस की घोषणा

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का दायरा बढ़ाया जाएगा। पेंशन धारकों की पेंशन में पंद्रह फीसद तक की वृद्धि की जाएगी।

किसानों के मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस

किसानों को अपनी तरफ लुभाने के लिए भी दोनों पार्टियों ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में बागवानों और किसानों को सब्सिडी देने का वादा किया है। घोषणापत्र में कहा गया है कि जंगली जानवरों से खेतों में किसानों के नुकसान को कम करने के लिए भी सरकार काम करेगी, लेकिन क्या इस बारे में कांग्रेस ने कुछ स्पष्ट नहीं किया है। इसके अलावा मजदूरों की दिहाड़ी मजदूरी 350 रुपये करने का भी वादा कांग्रेस ने किया है। सभी गांवों को सड़कों से जोड़ने का वादा भी घोषणापत्र में है। उधर भाजपा किसानों और बागवानों की आय 2022 तक दोगुनी करने के सपने दिखा रही है। राज्य में बागवनी विश्वविद्यालय खोलने का वादा भी भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट में है। सरकार द्वारा अधिगृहित की जाने वाली कृषि जमीन का चार गुणा मुआवजा देने का वादा भी भाजपा ने किया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.