विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana election 2019ः पीएम मोदी पर राहुल गांधी ने लगाया असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

By Mangal YadavEdited By:
Published: Fri, 18 Oct 2019 04:47 PM (IST)Updated: Fri, 18 Oct 2019 05:38 PM (IST)

राहुल गांधी ने मीडिया को भी निशाने पर लिया। उन्होंने मीडिया पर भयंकर महंगाई और किसानों की समस्याएं नहीं उठाने का आरोप लगाया।

Haryana election 2019ः पीएम मोदी पर राहुल गांधी ने लगाया असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
Haryana election 2019ः पीएम मोदी पर राहुल गांधी ने लगाया असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

नारनौल [महेश कुमार वैद्य]। महेंद्रगढ़ में रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और बदहाल अर्थव्यवस्था पर पीएम मोदी बात नहीं करते।पीएम देश की जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटका करे हैं।

राहुल ने मोदी द्वारा उठाए जा रहे अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों से खुद को दूर रखते हुए प्रधानमंत्री पर मीडिया की मदद से देश का ध्यान जरूरी मुद्दों से हटाने का आरोप जड़ा। उन्होंने कहा कि देश की हालत चिंताजनक है। देश में पिछले 40 साल में इस समय सबसे अधिक बेरोजगारी है।

मीडिया पर लगाया पक्षपात का आरोप

पिछली रैली की तरह इस बार भी राहुल गांधी ने मीडिया को भी निशाने पर लिया। उन्होंने मीडिया पर भयंकर महंगाई और किसानों की समस्याएं नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी 370 की बात, कभी कार्बेट पार्क की बात, कभी चांद की। मीडिया हमेशा मोदी का चेहरा दिखाता है।

अखबार हमेशा मोदी के गुणगान करते हैं। कभी नीचे कभी ऊपर, कभी इस साइड, कभी उस साइड की बात करते हैं। लेकिन देश की समस्या की बात नहीं करते। मोदी देश के 15 उद्योगपतियों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने अडानी व अंबानी जैसे 15 सबसे अमीर लोगों का 5 लाख 50 हजार करोड़ रुपया माफ किया।

मनमोहन सिंह की तारीफ

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मोदी ने एक लाख करोड़ का कारपोरेट टैक्स माफ किया। मीडिया ने दिखाया अर्थव्यवस्था पटरी पर आ जाएगी। लेकिन सब बर्बाद हो गया है। दुनिया में हिंदुस्तान का मजाक उड़ाया जा रहा है। पूर्व की यूपीए सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने 10 साल में देश को तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत की। मनरेगा जैसी योजना दी। मनरेगा ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी थी। गरीबों की जेब में पैसा गया था। किसानों की कर्ज माफी और मनरेगा से  देश की अर्थव्यवस्था में उछाल आया था। किसान व मजदूरों की खरीद क्षमता बढ़ी।

राहुल के भाषण की मुख्य बातें

  • पीएम मोदी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इनको अर्थव्यवस्था की समझ नहीं है। 
  • हम पंचायतों व नगर निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ा रहे हैं। 
  • मोदी ने लोगों की जेब की जमा पूंजी निकालने का काम किया है।
  • हरियाणा में कांग्रेस आएगी तो यहां की अर्थव्यवस्था को सुधरेगी।
  • भाजपा ने सार्वजनिक उपक्रमों को बर्बाद किया है।
  • यह लोग कभी जात के नाम पर कभी हिंदू मुसलमान के नाम पर लोगों को लड़ा रहे हैं।
  • महाराष्ट्र में बिहार के लोगों को मारकर भगाने की बात कहते हैं। बिहार में कहते हैं हम आपको बचाएंगे।
  • 2019 के चुनाव में हमने कहा था कि हम न्याय योजना देंगे। मोदी किस तरह जीते सब जानते हैं। ध्यान किधर ले गए सब जानते हैं।
  • महिला अत्याचार सबसे ज्यादा हरियाणा में कांग्रेस को जिताइये। हरियाणा को फिर पटरी पर लाइए।
  • हरियाणा के वीर जवान देश को बचाने का काम करते हैं। 

राहुल गांधी से पहले रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि सोनिया गांधी को वायरल है इसलिए वह रैली में नहीं पहुंच सकीं। 

 महेंद्रगढ़ में बोले राजनाथ सिंह- कांग्रेस करती है आंखों में धूल झोंकने का काम