Haryana assembly election 2019: जेपी नड्डा बोले- 'कांग्रेसी बताएं, राहुल देशभक्त या देशद्रोही'
Haryana assembly election 2019 शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रेवाड़ी की जनसभा में विरोधी दलों खासकर कांंग्रेस और उसके नेताओं पर जमकर हमला बोला।
रेवाड़ी [महेश कुमार वैद्य]। Haryana assembly election 2019: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2020 के तहत 21 अक्टूबर को 90 सीटों पर मतदान होना है। समय कम होने के चलते सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इस कड़ी में शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रेवाड़ी की जनसभा में विरोधी दलों खासकर कांंग्रेस और उसके नेताओं पर जमकर हमला बोला।
राहुल गांधी की घेराबंदी
जेपी नड्डा ने कांग्रेस व राहुल गांधी पर जमकर शब्द बाण चलाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व विहीन हो गई है। राहुल बाबा के बयान संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के आरोपों का आधार बन रहे हैं। ओवरसीज कांग्रेस के नेता कश्मीर में मानवाधिकारों की आड़ में देश को खोखला कर रहे हैं। कांग्रेस को बताना चाहिए कि वह देश को खोखला कर रही है या देश को मजबूत बना रही है। कांग्रेसियों को बताना चाहिए कि वह देश भक्त हैं या देशद्रोही।
जल, थल, नभ में बलशाली बना भारत: नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को जीत का मंत्र देने के लिए अहीरवाल के दौरे पर पहुंचे। पहले उन्होंने रेवाड़ी में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बाद में नारनौल में पन्ना प्रमुखों को बूथ प्रबंधन का पाठ पढ़ाया। नड्डा ने केंद्र व राज्य सरकार की उन बड़ी उपलब्धियों को हथियार बनाकर मतदाताओं के बीच जाने का संदेश दिया, जिनके चलते देश व प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी की बदौलत जहां देश जल, थल व नभ में बलशाली बना है, वहीं मनोहर नीति से प्रदेश में तबादला उद्योग का खात्मा हुआ है।
नड्डा ने राहुल गांधी व कांग्रेस पर तीखे कटाक्ष करते हुए नमो व मनो सरकार की बड़ी उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया
सैन्य शक्ति पर बोले जेपी नड्डा
- मोदी के नेतृत्व में बढ़ी देश की सैन्य शक्ति।
- कांग्रेस ने 20 साल में घोटाले किए। मोदी सरकार ने 36 रफेल खरीदे।
- 28 अचूक मारक क्षमता वाले अपाचे हेलीकॉप्टर खरीदे।
- सेना को एक करोड़ 86 लाख बुलेट प्रूफ जैकेट दिए। हम दूसरे देशों को बुलेट प्रूफ जैकेट देने की स्थिति में आए
- समुद्र में शक्ति बढ़ी। सात सबमरीन हमारे बेड़े में शामिल।
- 78 तेजस एमके 10 की बदौलत हमारी मारक क्षमता बढ़ी
- यह मोदी के ही सत्ता में आने का असर रहा जिसके चलते फौज की ताकत बढ़ी। देश को सबसे मजबूत सुरक्षा चक्र मिला।
कश्मीर में दिखाया करिश्माई नेतृत्व
एक देश में दो निशान दो संविधान चलते थे। मोदी की इच्छाशक्ति और शाह की रणनीति ने एक देश एक निशान एक विधान एक प्रधान का सपना पूरा किया। धारा 370 हटने से सबसे बड़ा फायदा जम्मू-कश्मीर के लोगों का होगा। लद्दाख के लोगों का होगा। वहां की गुर्जर व बकरवाल जनजातियों व अनुसूचित जातियों को मुख्यधारा में आने का और तरक्की करने का अवसर मिलेगा। नए सिरे से परिसीमन होने से उन लोगों को चुनाव लड़ने का अवसर मिलेगा, जो पश्चिमी पाकिस्तान से आकर वहां बसे थे। भारत के अन्य हिस्सों में आकर बसे मनमोहन सिंह व इंद्र कुमार गुजराल जहां पीएम पद तक पहुंचे वहीं लालकृष्ण आडवाणी कोउप प्रधानमंत्री बनने का मौका मिला, लेकिन पश्चिमी पाकिस्तान से आकर कश्मीर में बसने वालों को वोट का भी अधिकार नहीं मिला। मोदी ने इस अन्याय को दूर किया है। मुफ्ती व उमर की मनमानियों का अंत और आम कश्मीरियों की उम्मीदों का सवेरा हुआ है।
तीन तलाक पर भी बोले नड्डा
जेपी नड्डा ने तीन तलाक पर भी कांग्रेस पर तीर चलाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी इस मुद्दे पर किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में रहे। जब हम सती प्रथा का कानून बनाकर अंत कर सकते हैं। बाल विवाह का कानून से अंत कर सकते हैं। दहेज प्रथा का कानून से अंत कर सकते हैं। महिलाओं को कानून बनाकर अधिकार दे सकते हैं। तब तीन तलाक जैसी कुप्रथा से मुक्ति क्यों नहीं दिला सकते थे? यह प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति से संभव हुआ।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक