Move to Jagran APP

Lok Sabha Election: भाजपा के मिशन10 का आधार युवा और किसानाेें

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा का हरियाणा में मिशन 10 युवाओं और किसानाेें पर आधारित है। इसकी साफ झलक भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे में दिखी।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Mon, 06 May 2019 10:09 AM (IST)Updated: Mon, 06 May 2019 10:09 AM (IST)
Lok Sabha Election: भाजपा के मिशन10 का आधार युवा और किसानाेें
Lok Sabha Election: भाजपा के मिशन10 का आधार युवा और किसानाेें

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। लोकसभा चुनाव में हरियाणा में  भाजपा का मिशन-10  युवाओं और किसानों पर आधारित है। इसकी साफ झलक भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे में दिखी। इसके साथ ही भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ही राज्‍य में वोट मांग रही है।    

loksabha election banner

मिशन 10 का एजेंंडा लेकर हर‍ियाणा पहुंचे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दो बड़ी रैलियां कर पार्टी के हक में माहौल बनाने का प्रयास किया। जाट लैंड से लेकर जीटी रोड बेल्ट तक शाह ने अपनी रैलियों के मंच से हुड्डा और चौटाला पर खुलकर हमले बोले। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी शाह के निशाने पर रहे। देश की सुरक्षा और नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का नारा देकर शाह ने भाजपा के लिए वोट मांगे। 

जाटलैंड सोनीपत से लेकर जीटी रोड बेल्ट तक हुड्डा और चौटाला रहे अमित शाह के निशाने पर  

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की इस चुनावी अभियान में 287वीं रैली सोनीपत में रही। यहां से कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा चुनाव लड़ रहे हैं तो भाजपा ने निवर्तमान सांसद रमेश कौशिक को मैदान में उतारा है। सोनीपत के बाद शाह ने पानीपत में रैली की। उन्हें अंबाला लोकसभा क्षेत्र में यमुनानगर भी पहुंचना था, मगर हवाओं के चलते हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर सका और उन्हें लौटना पड़ा। 30 से 45-45 मिनट की इन रैलियों में अमित शाह पूरे जोश के साथ बोले। उन्होंने उम्मीदवारों की बजाय मोदी के नाम पर वोट मांगे।

दोनों रैलियों में शाह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और ओमप्रकाश चौटाला को ललकारते नजर आए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मसलों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लपेटा। कांग्रेस पर परिवारवाद अपनाने तथा गरीबी मिटाने की बजाय सिर्फ नारे लगाने के आरोप जड़े। पाकिस्तान, कश्मीर और अनुच्छेद 370 अमित शाह के भाषण का मुख्य एजेंडा रहे।

ब्याज मुक्त कर्ज देने का ऐलान कर उन्होंने किसानों को भी साधने की कोशिश की। शाह के भाषण का फोकस युवाओं पर भी रहा। उन्होंने युवाओं को जिगर का टुकड़ा कहा तो जनसभा में मोदी-मोदी के नारे लगने लगे। भारत माता की जयघोष के साथ शाह ने अपना संबोधन शुरू किया। सोनीपत में करीब 35 मिनट के संबोधन में 10 मिनट उन्होंने हुड्डा और चौटाला पर खर्च किए। 

मनोहर की सरकारी नौकरियां बनी चुनावी एजेंडा 

शाह ने हरियाणा की मनोहर सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने मुख्यमंत्री की कई बार पीठ थपथपाई। उन्होंने हरियाणा में सरकारी भर्ती को मिसाल के तौर पर पेश किया। सोनीपत में रमेश कौशिक, करनाल में संजय भाटिया और अंबाला में रतनलाल कटारियां चुनाव लड़ रहे हैैं। यमुनानगर की रैली भाजपा के लोकसभा चुनाव सह प्रभारी विश्वास सारंग ने संबोधित की। 

हिसार, सिरसा और रोहतक भाजपा के लिए अहम 

अमित शाह 10 मई को फिर हरियाणा का दौरा करेंगे। तब उनके एजेंडे में हिसार, फरीदाबाद और रोहतक लोकसभा सीटें होंगी। शाह के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा आने वाले हैं। मोदी 8 मई को फतेहाबाद व कुरुक्षेत्र में रैलियां करेंगे और 10 मई को रोहतक में होंगे। भाजपा के एजेंडे में सिरसा, हिसार और रोहतक तीन लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर जीत के लिए पार्टी ने जी-जान एक कर रखी है।

कांग्रेस और भाजपा का बही खाता लेकर आए शाह 

शाह पूरा बही-खाता लेकर हरियाणा पहुंचे। उन्होंने हुड्डा और चौटाला के साथ-साथ अपनी सरकार का भी पूरा हिसाब किताब दिया। शाह ने रैलियों के मंच से कहा कि पिछले 55 सालों में हरियाणा को केंद्र सरकार से सिर्फ 22 हजार 900 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मिली, लेकिन भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में एक लाख 17 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक मदद योजनाओं के रूप में दी है। 

हरियाणा में थ्री-डी सरकार, दामाद जी निशाने पर 

शाह ने राबर्ट वाड्रा को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में हुड्डा दामाद जी (राबर्ट वाड्रा) के लिए काम करते थे। यहां दामाद जी, दरबारी और डीलर यानी थ्री-डी की सरकारें रही हैं। यही काम चौटाला ने किया। उन्होंने गुंडागर्दी और जोर जबरदस्ती से राज किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कोई दामाद नहीं है, इसलिए वे समान जिलों में समान विकास की नीयत से काम कर रहे हैं। 

यह है अमित शाह के दौरे के राजनीतिक मायने 

हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं। पिछले चुनाव में सात सीटें भाजपा ने जीती थीं। एक सीट कांग्रेस के खाते में है। एक सीट पर इनेलो और एक सीट पर जेजेपी सांसद हैं। भाजपा इस बार सभी 10 लोकसभा सीटें जीतना चाहती है। इसके लिए पार्टी पिछले कई सालों से ग्राउंड बनाने का काम कर रही है। रोहतक में कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा, हिसार में जजपा के दुष्यंत चौटाला और सिरसा में इनेलो के चरणजीत सिंह रोड़ी की सीटें हथियाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत लगा रखी है। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.