विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 04, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Loksabha Election: जाटलैंड के रण में घुड़सवार तय करने में भाजपा के छूट रहे पसीने

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Thu, 04 Apr 2019 02:05 PM (IST)Updated: Fri, 05 Apr 2019 09:37 AM (IST)

Loksabha Election 2019 में हरियाणा के जाटलैंड में उम्‍मीदवार तय करना आसान नहीं है। पार्टी जाटलैंड की सीटों पर प्रत्‍याशी चयन को लेकर द्वंद्व में दिख रही है।

Loksabha Election: जाटलैंड के रण में घुड़सवार तय करने में भाजपा के छूट रहे पसीने
Loksabha Election: जाटलैंड के रण में घुड़सवार तय करने में भाजपा के छूट रहे पसीने

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। Loksabha Election 2019 के लिए जाटलैंड की सोनीपत और रोहतक लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार तय करने में भाजपा के पसीने छूट रहे हैं। प्रदेश में जाट और गैर जाट की राजनीति हावी होने के चलते भाजपा में दो विचार हैैं। एक विचारधारा दोनों सीटों पर जाट उम्मीदवार उतारने के हक में है तो दूसरी गैर जाट प्रत्याशी उतारने का सुझाव दे रही है।

हुड्डा के गढ़ रोहतक और सोनीपत को भेदने के लिए भाजपा को दमदार चेहरों की तलाश

भाजपा के लिए रोहतक सीट सबसे अधिक मायने रखती है। 2014 की मोदी लहर के बावजूद कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार दूसरी बार चुनाव जीत गए थे। कांग्रेस तीसरी बार भी दीपेंद्र पर ही दांव खेलने की तैयारी में है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ भेदने के लिए खुद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जाटलैंड में कई बार दौरा कर चुके हैं। इसलिए भाजपा यहां प्रत्याशी चयन को लेकर किसी तरह का रिस्क लेने के मूड में नहीं है।

रोहतक व सोनीपत लोकसभा सीटों पर जाट और गैर जाट उम्मीदवार को लेकर असमंजस में भाजपा

भाजपा ने हाल में सोनीपत व करनाल से तीन बार सांसद रह चुके डाॅ. अरविंद शर्मा को ज्वाइन कराया है। अरविंद शर्मा दमदार ब्राह्मण नेता माने जाते हैं। उनका करनाल और सोनीपत के साथ-साथ रोहतक में भी खासा असर माना जाता है। करनाल चूंकि अरविंद शर्मा की कर्मस्थली रही है, इसलिए उनकी प्राथमिकता यहां से चुनाव लड़ने की है, लेकिन भाजपा यदि उन्हें रोहतक में भी खड़ा करना चाहती है तो वह इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

भाजपा के पास जाट चेहरे के रूप में रोहतक में कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के साथ-साथ शमशेर सिंह खरकड़ा हैं। अहीर मतदाताओं को लुभाने की मंशा से वीर कुमार यादव का नाम लिया जा रहा है। बाबा बालकनाथ का टिकट अलवर से फाइनल हो चुका है। यदि भाजपा अरविंद शर्मा को करनाल में टिकट देती है तो रोहतक में सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर भी मजबूत गैर जाट चेहरा हो सकते हैं।

यही स्थिति सोनीपत सीट की है। देसवाली बेल्ट की इस सीट को भी भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ माना जाता है। मोदी लहर में कांग्रेस से भाजपा में आए रमेश कौशिक यहां से चुनाव जीत गए थे। वह दोबारा टिकट मांग रहे हैं, लेकिन अरविंद शर्मा को कहीं से टिकट मिलता है तो किसी दूसरे ब्राह्मण पर भाजपा के दांव खेलने की संभावना कम है।

सोनीपत में भाजपा के पास अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त के रूप में बड़ा चेहरा है। जाट चेहरे के रूप में मार्केटिंग बोर्ड की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत भी हैं। गैर जाट चेहरे के रूप में सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन को मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।