Lok Sabha Election Result 2019 संजय भाटिया ने तोड़ा देश की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड
Lok Sabha Election Result 2019 में हरियाणा के करनाल से भाजपा के संजय भाटिया ने देश में सबसे बड़ी जीत हासिल की है।
चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। करनाल लोकसभा सीट से पहली बार लोकसभा का चुनाव लडऩे वाले भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया ने देश की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने पिछले चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। संजय भाटिया ने 6 लाख 54 हजार 269 मतों से जीत दर्ज की।
सीएम की पसंद संजय भाटिया करनाल में साढ़े छह लाख मतों से चुनाव जीते
अभी तक लोकसभा चुनावों में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के अनिल बसु के नाम था जो उन्होंने 2004 के लोकसभा चुनावों में बनाया था। सात बार लोकसभा सदस्य रहे बसु ने 2004 में पश्चिम बंगाल की आरामबाग सीट से अपने निकटतम उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी के स्वप्न कुमार नंदी को 5 लाख 92 हजार 502 मतों से हराया था। संजय भाटिया ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। फरीदाबाद में राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर पिछला चुनाव चार लाख 66 हजार 873 मतों के अंतर से जीते थे, जो प्रदेश की सबसे बड़ी जीत थी।
पिछले चुनाव में पीएम मोदी और कृष्णपाल गुर्जर के बनाए जीत के रिकॉर्ड भी किए ध्वस्त
पिछले लोकसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी माकपा के अनिल बसु के रिकॉर्ड के पास तक पहुंचे थे लेकिन इसे पार नहीं कर पाए थे। मोदी गुजरात के वडोदरा से 5 लाख 70 हजार 128 मतों से जीते थे। वे वाराणसी से भी लोकसभा चुनाव जीते थे जिस कारण उन्होंने बाद में वडोदरा सीट छोड़ दी थी।
माकपा के अनिल बसु की सबसे बड़ी जीत के आंकड़े को भी संजय भाटिया ने किया पार
करनाल से भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया को 9 लाख 9 हजार 432 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 2 लाख 55 हजार 163 वोट ही मिल पाए हैं। संजय भाटिया मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पसंद हैं। इससे पहले उन्होंने पार्षद व विधानसभा के चुनाव लड़े, लेकिन जीत नहीं पाए।
कृष्णपाल गुर्जर और धर्मबीर ने बनाया जीत का रिकॉर्ड
हरियाणा में दो लोकसभा सीटें फरीदाबाद व भिवानी-महेंद्रगढ़ ऐसी हैं, जहां भाजपा उम्मीदवार चार लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीते। भिवानी में भाजपा के धर्मबीर सिंह ने कांग्रेस की श्रुति चौधरी को चार लाख 35 हजार 262 मतों के अंतर से हराया। फरीदाबाद में भाजपा के राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कांग्रेस के अवतार सिंह भड़ाना को पांच लाख 85 हजार 433 मतों से शिकस्त दी। कृष्णपाल गुर्जर पिछला चुनाव चार लाख 66 हजार 873 मतों के अंतर से जीते थे, जो प्रदेश की सबसे बड़ी जीत थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप