हरियाणा में साथ-साथ नहीं चलेंगे दुष्यंत और केजरीवाल, ग्ाठबंधन पर नहीं बनी बात
हरियाणा में अरविंद केजरीवाल और दुष्यंत चौटाला साथ नहीं चलेंगी। आप और जेजेपी के बीच लोकसभा चुनाव के लिए सीटों का तालमेल नहीं हो पाया।
चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। जींद उपचुनाव में भाजपा के विरुद्ध मिलकर ताल ठोंकने वाली आम आदमी पार्टी (आप) और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की राजनीतिक राहें जुदा हो गईं। दोनों दलों के बीच अगले लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की बातचीत सिरे नहीं चढ़ पाई।
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच नहीं बन पाई सहमति
आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने एक ट्वीट के जरिये जेजेपी के साथ गठबंधन की तमाम संभावनाएं खत्म हो जाने की जानकारी दी है। इसके विपरीत जेजेपी नेता सांसद दुष्यंत चौटाला ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को अच्छा व्यक्ति बताते हुए इस बारे में किसी तरह की जानकारी होने से इन्कार कर दिया है।
जींद उपचुनाव में दोनों दलों के संयुक्त उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला दूसरे नंबर पर रहे थे, जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था।
दिग्विजय के लिए आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता खुद चलकर यहां आए थे। तभी संभावना जताई जाने लगी थी कि दोनों दल लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ेंगे। इसके लिए सीटों को बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के प्रमुख नेताओं के बीच कई बार बातचीत के दौर भी चले, मगर शनिवार रात को खबर आई कि बातचीत सिरे नहीं चढ़ पाई है।
आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने ट्वीट में कहा है कि जेजेपी हमें 10 में से दो लोकसभा सीटें दे रही थी और इसके बदले में एक लोकसभा सीट दिल्ली में मांग रही थी। पता नहीं ये लोग किस दुनिया में हैं। उनकी इस हठ से केवल भाजपा को ही फायदा होगा। काफी समझाने के बाद भी जब जेजेपी नहीं मानी तो उसके साथ गठबंधन की बातचीत को समाप्त कर दिया गया है।
दूसरी तरफ, पता चला है कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में पांच लोकसभा और 45 विधानसभा सीटें मांग रही थी, जिसे देने के लिए जेजेपी नेता तैयार नहीं हुए। जेजेपी के नेता चाहते थे कि आप सिर्फ दो लोकसभा और 20 विधानसभा सीटों पर मान जाए। जेजेपी के सूत्रों ने उनकी पार्टी के द्वारा दिल्ली में एक सीट की मांग से इंकार किया है।
हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला ने नवीन जयहिंद के ट्वीट पर सीधे तो कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की, लेकिन कहा कि हमारी पार्टी की तीन सदस्यीय कमेटी काम कर रही है। मैं व्यक्तिगत रूप से अरविंद केजरीवाल का प्रशंशक हूं, क्योंकि उनकी पार्टी ने दिल्ली में अच्छे काम किए हैं। गठबंधन की बातचीत की विस्तृत जानकारी कमेटी के सदस्यों के पास ही है। हमारी पार्टी राष्ट्रहित में सकारात्मक सोच वालों का साथ देने को तैयार है। जेजेपी सभी दस लोकसभा और 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे को तैयार है।